हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से दिल्ली की ओर यमुना में छोड़ा गया 2 लाख क्यूसेक पानी, हाई अलर्ट पर केजरीवाल सरकार

यदि यमुना का जल स्तर 206.7 तक गया तो यमुना खादर के कुछ हिस्सों में आ सकती है बाढ़, हम लोगों की निकासी के लिए तैयार: राजस्व मंत्री आतिशी

हथिनीकुंड बैराज से दिल्ली की ओर यमुना में 2 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में वृद्धि जारी है, ऐसे में दिल्ली सरकार हाई-अलर्ट पर है। और बाढ़ जैसी घटना से निपटने के लिए हर संभव उपाय कर रही है।

स्इस थिति के बारे में जानकारी देते हुए राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा, “केंद्रीय जल आयोग के नवीनतम अपडेट के अनुसार, संभावना है कि कल शाम तक यमुना नदी खतरे के स्तर को पार कर सकती है।” राजस्व मंत्री के अनुसार, इस स्थिति से उत्पन्न संभावित जोखिमों और चुनौतियों से निपटने के लिए, मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल और पूरी सरकार इसपर बारीकी से नज़र बनाए हुए है और तैयारियों का निरीक्षण कर रही है।

राजस्व मंत्री आतिशी ने कहा कि यदि यमुना का जल स्तर 206.7 मीटर तक बढ़ जाता है तो यमुना खादर के कुछ हिस्सों में बाढ़ का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने कहा, हालांकि, सरकार इन संवेदनशील इलाकों में तत्काल निकासी करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

निवासियों को सूचित और सुरक्षित रखने के प्रयास में, बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में नियमित मुनादी की जा रही हैं। ताकि निवासियों को संभावित खतरे के बारे में चेतावनी दी जा सके और वे आवश्यक सावधानी बरत सकें।

प्रभावित निवासियों की भलाई सुनिश्चित करने के लिए, राहत शिविरों का अच्छे से निरीक्षण किया जा रहा है, और व्यापक तैयारी की गई है। राजस्व मंत्री आतिशी ने आश्वासन देते हुए कहा कि निकाले गए लोगों को हर ज़रूरी सुविधा पहुँचाने के लिए पूरी तैयारी की गई है।

मंत्री आतिशी ने कहा, “राजस्व विभाग ने स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए व्यापक उपाय किए हैं। चाहे वह मध्य जिला हो, पूर्वी जिला हो, या यमुना बाजार और यमुना खादर जैसे क्षेत्र हों, हमने आने वाली किसी भी चुनौती से निपटने के लिए पर्याप्त तैयारी की है।”

 उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली सरकार जनता से इस महत्वपूर्ण समय के दौरान सतर्क रहने और अधिकारियों के साथ सहयोग करने की अपील करती है। साथ ही प्रशासन निवासियों को इस स्थिति के बारे में सूचित रखने के लिए नियमित रूप से अपडेट देती रहेगी ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *