क्रिकेट खेलने के विवाद में नेपाल मूल के युवक की हत्या के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़

थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। नेपाल मूल के युवक आदर्श की शनिवार देर शाम महावीर पार्क के पास लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस हमले में उसका दोस्त अफजल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक दिन पहले क्रिकेट खेलते समय गेंद लगने को लेकर विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने बताया कि आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और आदर्श पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रविवार को पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। इस मामले में कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुक्तेश्वर उर्फ आर्यन, शिवम, आयान और राहुल के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को बहादुरगढ़ अदालत में पेश किया गया। जहां से चारों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *