सीआईए टू बहादुरगढ़ की गिरफ्त में आए आरोपी से 06 देशी पिस्तौल, 02 देशी राइफल व 10 जिंदा कारतूस बरामद
एसपी डॉ अर्पित जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी पकड़े गए आरोपी व बरामद असलाह के संबंध में विस्तृत जानकारी
बहादुरगढ़: 03 अगस्त 2023
एसपी डॉ अर्पित जैन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए झज्जर पुलिस द्वारा अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की गई है। निरीक्षक मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित अपराध जांच शाखा द्वितीय बहादुरगढ़ की टीम द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल हुई है। सीआईए टू बहादुरगढ़ की गिरफ्त में आए आरोपी से पूछताछ में अनेक आपराधिक मामले तथा आरोपी द्वारा अनेक व्यक्तियों को नाजायज रूप से हथियार सप्लाई करने के मामलों का खुलासा हुआ है। विशेष रूप से अवैध हथियार रखने वाले दोषियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने के संबंध में एसपी डॉ अर्पित जैन आईपीएस द्वारा कड़े दिशा-निर्देश किए गए थे। एसपी के दिशा निर्देशानुसार तत्परता से कार्रवाई करते हुए सीआईए टू बहादुरगढ़ की टीम द्वारा हथियार सप्लायर गिरोह के उपरोक्त आरोपी को काबू किया गया। गिरफ्त में आरोपी के नीरज बवाना आपराधिक गिरोह से भी संबंध रखने बारे खुलासा हुआ है।
बृहस्पतिवार को विशेष रूप से बहादुरगढ़ पहुंचे पुलिस अधीक्षक झज्जर डॉक्टर अर्पित जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पकड़े गए आरोपी तथा बरामद हथियारों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। लघु सचिवालय बहादुरगढ़ में स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सीआईए टू बहादुरगढ़ की टीम द्वारा गुप्त सूचना पर मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए बहादुरगढ़ सिटी एरिया से एक युवक को काबू किया गया। पकड़े गए युवक की तलाशी ली गई तो मौका पर उसके कब्जे से 06 देशी पिस्तौल व 05 जिंदा कारतूस बरामद हुए। सीआईए टू बहादुरगढ़ में तैनात मुख्य सिपाही नीरज के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम बादली चुंगी बहादुरगढ़ के एरिया में तैनात थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि साहिल निवासी झज्जर रोड बहादुरगढ़ अवैध हथियार लिए हुए हैं। वह अवैध हथियार को बेचने की फिराक में डाकखाना के पास खड़ा है। गुप्त सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक युवक को काबू किया। पकड़े गए युवक की मौके पर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से 06 देशी पिस्तौल 05 जिंदा कारतूस बरामद हुए। अवैध असलाह के साथ पकड़े गए आरोपी की पूछताछ में पहचान साहिल निवासी झीमरों वाला मोहल्ला बहादुरगढ़ के तौर पर हुई। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए थाना शहर बहादुरगढ़ में आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। जहां से आरोपी को पूछताछ के लिए 02 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।
एसपी डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में अपने घर में भी अवैध हथियार रखे होने बारे खुलासा किया। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से दो देशी राइफल व पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए। इस प्रकार से आरोपी के कब्जे से 08 नाजायज हथियारों सहित 10 कारतुस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने नीरज बवाना गिरोह से जुड़े होने बारे बतलाया। आरोपी से अनेक अपराधिक मामलों का खुलासा हुआ। आरोपी के खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिनमें लूटपाट, डकैती, अवैध हथियार तथा लड़ाई झगड़े के मामले शामिल हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह जिला शाहजहांपुर यूपी से हथियार लाकर बेचने का काम करता है। यूपी से नाजायज हथियार लाकर वह हरियाणा व दिल्ली में बेचने का कार्य करता है। हथियार सप्लाई के इस अवैध धंधे में उसके अन्य सहयोगी भी शामिल है। वह अपने सहयोगियों की मदद से 30 से अधिक अवैध हथियारों की सप्लाई कर चुका है। आरोपी द्वारा जिन व्यक्तियों को नाजायज हथियार बेचे गए हैं, उन व्यक्तियों के संबंध में जानकारी एकत्रित करने का कार्य जारी है। अवैध असलाह के साथ पकड़े गए आरोपी को पूछताछ के पश्चात अदालत में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि हथियार तस्करी के उपरोक्त मामले की गहनता से जांच पड़ताल की कार्रवाई लगातार जारी है। अवैध हथियार सप्लाई के इस नाजायज धंधे में शामिल अन्य दोषियों की धरपकड़ के लिए झज्जर पुलिस द्वारा गंभीरता से कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।