विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
नशा विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट झज्जर की पुलिस टीम ने थाना बादली के क्षेत्र से एक व्यक्ति को नशीले पदार्थ गांजा के साथ काबू करने में कामयाबी हासिल की है। जानकारी देते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि एंटी व्हीकल थेफ्ट झज्जर में तैनात सहायक उप निरीक्षक रवि कुमार की पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि राम निवासी दूल्हेड़ा गांजा बेचने का अवैध धंधा करता है जो दूल्हेड़ा की फिरनी वाली सड़क पर गांजा बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट झज्जर की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर एक व्यक्ति दिखाई दिया। जिसे शक की बिनाह पर पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पकड़े गए व्यक्ति के पास मादक पदार्थ होने के संदेह पर नियम अनुसार राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। इसके बाद मौके पर पहुंचे राजपत्रित अधिकारी के समक्ष नियम अनुसार तलाशी ली गई तो पकड़े गए आरोपी से करीब 4 किलो 800 ग्राम नशीला पदार्थ गांजा बरामद हुआ। नशीले पदार्थ के साथ पकड़े गए उपरोक्त व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करते हुए थाना बादली में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।