झज्जर पुलिस ने किए आपराधिक गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, बहादुरगढ़ CIA-2 टीम ने गुप्त सूचना पर दबोचा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

झज्जर जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग से संबंध रखने वाले दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर संभावित हत्या की एक बड़ी वारदात को टाल दिया। बृहस्पतिवार को पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस कार्रवाई का खुलासा किया।उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ CIA-2 टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों आरोपियों को बहादुरगढ़ सदर थाना क्षेत्र से काबू किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नितिन पुत्र मनोज निवासी गांव जसराना जिला सोनीपत (हाल निवासी बालंद, रोहतक) व दीपक उर्फ टाइगर पुत्र राजेश निवासी गांव बादली जिला झज्जर के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह और डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने बताया कि आरोपी नितिन गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 16 फरवरी 2026 को दिल्ली दिल्ली बायपास चौक रोहतक पर स्थित नोबल हार्ट हॉस्पिटल के सामने गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था और बकरवाला दिल्ली में गोली मारने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा 7 मार्च 2026 को गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक स्थित बिग बॉयज टॉयज शोरूम के बाहर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। वहीं दूसरे आरोपी दीपक उर्फ टाइगर के बारे में बताया कि वर्ष 2018 में उसने जमीन विवाद के चलते अपने चाचा की हत्या कर दी थी, जिसमें अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फिलहाल वह पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था और पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपने दूसरे चाचा की हत्या की साजिश रच रहा था।झज्जर पुलिस की टीम काफी समय से दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं, CIA-2 टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया। इस दौरान डीसीपी क्राइम अमित दहिया की भूमिका का भी उल्लेख किया गया। बताया गया कि उनके मार्गदर्शन में झज्जर अपराध शाखा लगातार टेक्निकल सर्विलांस और साइबर क्राइम की मदद से अपराधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए है। डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में अपराध शाखा लगातार सक्रिय कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने का कार्य कर रही है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और अब तक की वारदातों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली पुलिस, हरियाणा STF सहित संबंधित थानों को भी दे दी गई है। प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस कमिश्नर ने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि युवा वर्ग अपराध और नशे जैसी बुरी प्रवृत्तियों से दूर रहे। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों की उम्र छोटी होती है, जबकि अच्छे संस्कार और सही दिशा के बल पर युवा जीवन में बड़ा मुकाम हासिल कर सकते हैं। साथ ही अभिभावकों से बच्चों को अच्छे संस्कार देने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *