झज्जर पुलिस ने दो आरोपियों को 24 किलो 340 ग्राम नशीला पदार्थ चूरापोस्त के साथ किया गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

झज्जर पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों की खरीद फरोख्त करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जानकारी देते हुए स्पेशल स्टाफ प्रभारी उप निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि स्पेशल स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव रूढ़ियावास बस स्टैंड के पास नाकाबंदी की हुई थी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति संदिग्ध हालत में आ रहे हैं। कुछ ही देर में पुलिस टीम को एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी, जिसे रुकवाकर चेक किया गया।मोटरसाइकिल चालक की पहचान पवन निवासी अकेहड़ी मदनपुर के रूप में हुई, जबकि उसके पीछे बैठा व्यक्ति रविंद्र निवासी नौगांव था, जो एक कट्टा लेकर बैठा हुआ था। दोनों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस ने उन्हें शक की बुनियाद पर काबू किया। नियमानुसार मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाया गया, जिनकी उपस्थिति में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कट्टे से 24 किलो 340 ग्राम नशीला पदार्थ चूरा पोस्त बरामद किया गया। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।आरोपियों को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी रविंद्र को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि नशा तस्करी नेटवर्क के अन्य पहलुओं का खुलासा किया जा सके। वहीं दूसरे आरोपी पवन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। स्पेशल स्टॉफ प्रभारी ने कहा कि झज्जर पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *