झज्जर पुलिस ने 12 घंटे में किए 4 आरोपी गिरफ्तार, पीड़ित का भतीजा निकला लूटकांड का मास्टरमाइंड

विशेष संवाददाता चिमन लाल

जम्मू कटरा हाईवे के पास 5/6 युवकों ने दिया था लूट की वारदात को अंजाम,

बहादुरगढ़

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में बहादुरगढ़ पुलिस ने एक सनसनीखेज लूटकांड का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह सामने आया कि लूट की साजिश का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि स्वयं पीड़ित का भतीजा था। थाना आसौदा पुलिस और सीआईए-1 बहादुरगढ़ की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गंभीर अपराध के मामले को सुलझाने में कामयाबी हासिल की है। थाना प्रबंधक आसौदा, निरीक्षक राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सुबे सिंह निवासी रेवाड़ी ने पुलिस को बताया कि वह अपने भतीजे सुनील के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में करनाल से पेमेंट लेकर लौट रहा था। नकदी कार की डिग्गी में रखी गई थी। जब वे केएमपी हाईवे से होते हुए जम्मू-कटरा हाईवे के पास पहुंचे, तो सुनील ने पेशाब का बहाना बनाकर गाड़ी रुकवाने को कहा। जैसे ही गाड़ी रुकी, तभी दो गाड़ियों में सवार पांच-छह युवक मौके पर पहुंचे और अचानक मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सुबे सिंह के साथ मारपीट कर कार की डिग्गी से 39,00,000 रुपये की नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही थाना आसौदा और सीआईए-1 बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गहन पूछताछ के आधार पर अहम सुराग जुटाए। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की योजना पहले से बनाई गई थी और इसका मास्टरमाइंड पीड़ित का भतीजा सुनील ही था, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस लूट को अंजाम दिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 12 घंटे के भीतर 4 आरोपियों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल उर्फ सुनील निवासी ईस्माईलपुर, सन्नी निवासी खेतावास गुरुग्राम, अमित निवासी बुढेडा चन्दु गुरुग्राम, वंश निवासी सरढाणा (गुरुग्राम) के रूप में हुई है। सभी आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। आरोपियों को बहादुरगढ़ की अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *