झज्जर में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर कड़ी सुरक्षा, करीब 600 पुलिस कर्मी तैनात

विशेष संवाददाता चिमन लाल

डीसीपी मयंक मिश्रा ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

बहादुरगढ़

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला झज्जर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 600 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा ने बहादुरगढ़ जोन में लगाई गई परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी, मेहनत और लगन के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या (अनुचित फायदा) बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और स्टाफ को केंद्र में प्रवेश से पहले अच्छी तरह जांच की जाए, ताकि परीक्षा की पारदर्शिता बनी रहे। उन्होंने यह भी जोर देकर कहा कि सभी के साथ सम्मानजनक और विनम्र व्यवहार किया जाए, जिससे परीक्षा का माहौल सकारात्मक और शांतिपूर्ण बना रहे। पुलिस अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हरियाणा बोर्ड द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य परीक्षाओं को सुरक्षित, निष्पक्ष और बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न कराना है, ताकि विद्यार्थियों को एक स्वच्छ और भरोसेमंद परीक्षा वातावरण मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *