झज्जर में वकील की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

थाना शहर झज्जर की पुलिस ने वकील की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए थाना शहर झज्जर के प्रभारी निरीक्षक बलदेव ने बताया कि गांव सिलानी निवासी जगत सिंह ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका छोटा बेटा देवराज सिंह पेशे से वकील था और झज्जर में माता गेट के पास रहता था। 4/5 मार्च 2026 की रात को देवराज की पत्नी का फोन आया कि हिमांशु निवासी कुलताना ने देवराज को किसी काम के बहाने बुलाया था। बाद में उसे तेजधार हथियार से गले पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया और उसे उपचार के लिए पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना शहर झज्जर में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी हिमांशु निवासी कुलताना जिला रोहतक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि हिमांशु ने देवराज को किसी केस के बहाने बुलाया था। उसने अचानक चाकू निकालकर देवराज के गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से देवराज की हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक देवराज के खेत को बेचकर मिलने वाली रकम के लालच में आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। थाना शहर झज्जर की पुलिस ने मामले में आगे कार्रवाई करते हुए आरोपी के सहयोगी आशीष निवासी गुभाना और एक महिला को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन और दो चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी हिमांशु को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *