दिल्ली पुलिस ने दबोचा रोहित गोदारा का गुर्गा:लॉरेंस बिश्नोई के वकील की हत्या के लिए 35 लाख की सुपारी

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के एडवोकेट दीपक खत्री पर हुई फायरिंग मामले के मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है।लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के एडवोकेट दीपक खत्री की हत्या के लिए 35 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी. यह खुलासा दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम की पूछताछ में 22 साल के सागर मलिक ने किया, जो इस पूरे हमले का अहम साजिशकर्ता निकला. यह वही आरोपी है जिसने शूटरों को सिम कार्ड और स्कूटी मुहैया कराई थी. जांच में सामने आया कि इस वारदात के पीछे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का नेटवर्क काम कर रहा था।

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने सागर मलिक के पास से एक अत्याधुनिक विदेशी Glock पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. पूछताछ में पता चला कि हमले के पीछे कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा का नेटवर्क काम कर रहा था. पुलिस के अनुसार सागर ने अपनी फर्जी आईडी पर ली गई सिम शूटर को मुहैया कराई थी, ताकि वारदात को अंजाम दिया जा सके. जांच में यह भी खुलासा हुआ कि सागर और उसके साथियों ने गैंगस्टर रोहित गोदारा से 35 लाख रुपये की सुपारी ली थी, और निशाने पर एडवोकेट था. सागर मलिक महज 10वीं पास है, लेकिन अपराध की दुनिया में उसका पुराना नाता है. वह पहले भी बेगमपुर इलाके में हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रह चुका है. अब पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है।

इस पूरी साजिश को बड़ी बारीकी से रचा गया था ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके, लेकिन क्राइम ब्रांच की NR-II टीम ने तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के जरिए सागर को ट्रैक कर लिया. पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य फरार आरोपियों और शूटरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *