विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
हलका बादली से विधायक को फोन पर गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी देने के मामले में झज्जर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। एसीपी क्राइम झज्जर प्रदीप नैन ने स्पेशल स्टाफ कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पूरे मामले का खुलासा किया।एसीपी प्रदीप नैन ने बताया कि पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के निर्देशों तथा डीसीपी क्राइम अमित दहिया के मार्गदर्शन में इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की गई। तकनीकी संसाधनों और फील्ड इंटेलिजेंस के समन्वित उपयोग से आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचंद्र यादव निवासी कानपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी पूर्व में संत रामपाल के सतलोक आश्रम से जुड़ा रहा है। पुलिस के अनुसार 12 जनवरी 2026 को विधायक के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी, जिसमें आरोपी ने अत्यंत अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इस संबंध में थाना सदर झज्जर में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस कमिश्नर के निर्देशानुसार उप निरीक्षक राजेश कुमार, प्रभारी स्पेशल स्टाफ झज्जर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। स्पेशल स्टाफ झज्जर और थाना सदर की संयुक्त टीम ने साइबर सेल की सहायता से आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी। तकनीकी इनपुट्स के आधार पर आरोपी के संभावित ठिकानों की पहचान की गई और कानपुर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया गया। एसीपी प्रदीप नैन ने बताया कि आरोपी वर्ष 2014 में संत रामपाल महाराज का अनुयायी बना था, लेकिन बाद में संगठन से अलग होकर उसके विरोध में सक्रिय हो गया। आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।फिलहाल आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।