विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक
विश्व हिंदू परिषद, रोहतक द्वारा प्रति वर्ष आयोजित किए जाने वाले पत्रकार मिलन एवं आत्मीय स्नेह सम्मेलन का आयोजन इस वर्ष भी प्रांत कार्यालय, रोहतक में सादगी और आत्मीयता के साथ किया गया। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद केंद्र पत्रिका के सह सम्पादक मुरारी शरण ने पधारे हुए सम्मानित पत्रकार बंधुओं का फटका पहना कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया तथा संगठन की कार्यपद्धति और मूल विचारधारा पर संक्षिप्त प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पत्रकार बंधुओं ने संगठन की कार्यों की रूप रेखा समाज के साथ पत्रकारों के योगदान विमर्श के साथ हिंदू समाज के समसामयिक विषयों और सामाजिक चुनौतियों पर सार्थक संवाद किया। चर्चा में विशेष रूप से हिंदू समाज की घटती जनसंख्या, परिवार संस्था में बढ़ते विघटन, तथा युवाओं में फैल रही नशे की प्रवृत्ति जैसे गंभीर विषयों पर विमर्श हुआ। इस संदर्भ में बताया गया कि बजरंग दल इन चुनौतियों के समाधान हेतु राष्ट्रव्यापी अभियान चला रहा है, जिसका उद्देश्य युवा शक्ति को जाग्रत कर स्वस्थ, सजग और संस्कारित समाज का निर्माण करना है। विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री श्री केशव ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज जब समाज में फेक न्यूज़ और नकारात्मक प्रचार तेजी से फैल रहे हैं, ऐसे में संघर्षशील और सत्यनिष्ठ पत्रकार ही समाज को भ्रम और विभाजन से बचा सकते हैं। पत्रकारिता का यह उत्तरदायित्व समाज के चौथे स्तंभ के रूप में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
हरियाणा प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख अनुराग कुलश्रेष्ठ ने प्रांत में संगठन द्वारा चलाए जा रहे सामाजिक, सेवा एवं जनजागरण कार्यक्रमों की जानकारी दी और समाज में सकारात्मक चेतना के प्रसार में पत्रकारों की भूमिका को रेखांकित किया। इस अवसर पर प्रांत प्रचार टोली सदस्य विजय चुघ , जिला प्रचार प्रसार प्रमुख रवि मिश्रा, जिला सह मंत्री कमल सुनेजा, जिला संगठन मंत्री कमल, जिला गो संवर्धन एवं गौ रक्षा प्रमुख प्रिंस दुआ तथा जय प्रकाश जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन आत्मीय वातावरण में धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।