विशेष संवाददाता चिमन लाल
राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
झज्जर,
हरियाणा प्रदेश का 60वां स्थापना दिवस जिला स्तर पर शनिवार को प्रदेश की संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों के साथ धूमधाम से राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज सभागार में मनाया गया। राजकीय पीजी नेहरू कॉलेज में आयोजित सांस्कृतिक उत्सव में युवाओं, महिलाओं, खिलाडिय़ों, विद्यार्थियों, उद्यमियों सहित हर वर्ग के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की गरिमामयी उपस्थिति में भाजपा जिला अध्यक्ष विकास वाल्मीकि, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना, संजय कबलाना, नगर परिषद चेयरमैन जिले सिंह सैनी सहित प्रसिद्घ कलाकार, अर्जुन अवार्डी खिलाड़ी, कोच उद्यमियों सहित हर वर्ग की गरिमामय मौजूदगी रही। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जिलावासियों को 60वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आज का यह अवसर केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली विरासत, मेहनत, परंपरा और प्रगति का प्रतीक है, जिसने हरियाणा को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा वह भूमि है, जहाँ भगवान श्रीकृष्ण ने कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि पर अर्जुन को गीता का उपदेश दिया। यह वही प्रदेश है जहाँ से धर्म, नैतिकता, पराक्रम और त्याग का संदेश पूरे विश्व में प्रसारित हुआ। हरियाणा भारत की आत्मा है, जिसकी संस्कृति, सादगी, परिश्रम, साहस और नेतृत्व के गुण हमारे समाज की नींव हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत से ही हमारी थाली सजती व देश की सीमा पर हर दसवां जवान हमारे प्रदेश का है। उपायुक्त ने कहा कि हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, कृषि उत्पादन, खेल उपलब्धियों और औद्योगिक विकास में शीर्ष राज्यों में शुमार है। फुट वियर क्षेत्र में बहादुरगढ़ आज प्रदेश की औद्योगिक क्रांति का मुख्य केंद्र बन चुका है।
उन्होंने कहा कि झज्जर जिला हरियाणा की खेल शक्ति, शौर्य, संस्कृति और कृषि का जीवंत प्रतीक है। यह भूमि अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों की जननी रही है। मनु भाकर, अमन सहरावत, पहलवान बजरंग पुनिया, धर्मेंद्र दलाल, पलक गुलिया, योगेश कथुनिया जैसे अनगिनत खिलाडिय़ों ने झज्जर का नाम देश-विदेश में रोशन किया है। डीसी ने कहा कि झज्जर न केवल खेल प्रतिभा के लिए प्रसिद्ध है बल्कि यह कृषि उत्पादन में भी अग्रणी है। हमारी थाली किसानों की मेहनत से सजती है। बहादुरगढ़ का तेज़ी से बढ़ता औद्योगिक विकास हरियाणा की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहा है। उपायुक्त ने जिले वासियों का आह्वान किया कि स्थापना दिवस पर हमें यह संकल्प लेना चाहिए कि हम सब मिलकर एक प्रगतिशील, शिक्षित, सुरक्षित और सशक्त हरियाणा के निर्माण में योगदान दें।
कार्यक्रमों में लोगों ने चखा गुलगुले, पकोड़े, जलेबी और हलवे का स्वाद
राजकीय कालेज में हरियाणवी कला और संस्कृति की थीम पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा पारम्परिक परिधानों के अलावा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पारंपरिक व्यंजनों गुलगुले, देशी घी की जलेबी, पकोड़े की स्टॉल लगाई गई, जिनपर आगंतुकों ने स्वाद का आनंद लिया। इसके अलावा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, इफको, आयुष, महिला एवं बाल विकास, पुलिस की साइबर सेल, रेडक्रॉस आदि विभागों की स्टालें लगाई गई। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने सभी स्टालों का अवलोकन करते हुए विभागीय योजनाओं की जानकारी ली।
समारोह में कलाकारों ने बिखेरी हरियाणवी लोक संस्कृति की झलक
कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों एवं नागरिकों का स्वागत बीन, नगाड़े, तुबे, ढोल और अन्य लोक वाद्य यंत्रों की मधुर ध्वनियों से किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में दर्शको ने पंचकूला से लाइव कार्यक्रम का लुत्फ उठाया, वहीं कालेज परिसर में आयोजित कार्यक्रम के जरिए कलाकारों ने हरियाणा प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं, लोककला और संस्कृति को नई ऊर्जा के साथ प्रदर्शित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों, खिलाडिय़ों, उधमियों और प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
समारोह में जिलेभर की प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जिलाभर के स्कूलों में आयोजित हुई प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को आठ हजार, दूसरे स्थान पर रहने वाले विद्यार्थी को पांच व तृतीय स्थान पर रहने वाले को तीन हजार व सांत्वना पुरस्कार के रूप में एक हजार रूपए की राशि से पुरस्कृत किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिला का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी अर्जुन अवार्डी धर्मेंद्र, क्रिकेट कोच नवीन कुमार,कुश्ती कोच जयवीर सिंह, साइकिलिंग कोच शर्मिला देसवाल, मुक्केबाजी कोच हितेश कुमार, जूडो विजेंद्र ङ्क्षसह, कोच विरेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। इसके अलावा जिला के ख्याति प्राप्त लोक कलाकार दीपक कपूर, जोगेंद्र कुंडू, रामवीर आर्यन, बबीता, नवीन कोच, पुष्पा, चेतना सारसर, रमेश माजरा, मंजीत बदलिया, चेतन गुलिया, निर्मल मास्टर के अलावा सीएसआर गतिविधियों के जरिए प्रशासन का सहयोग करने वाले संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डीसीपी जसलीन कौर, एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष कुमार फौगाट,एसडीएम बहादुरगढ़ नसीब कुमार, एसडीएम बादली रमन गुप्ता, सीटीएम नमिता कुमारी, डीआरओ मनबीर सांगवान, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, डीईओ राजेश कुमार,डीडीपीओ निशा तंवर, डीएसओ सतेंद्र कुमार, महिला विकास निगम की पूर्व चेयरपर्सन सुनीता चौहान, व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष केशव सिंघल, वरिष्ठ नेता मनीष बंसल, राजीव, धर्मबीर सिंह, कोबी अध्यक्ष प्रवीण गर्ग, हास्य कवि मास्टर महेंद्र, संजय शर्मा के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।