अधिकारियों को डीसी ने दिए ग्रामीण क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बढ़ाने के निर्देश

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति को बढ़ाये। मनरेगा के तहत ज्यादा से ज्यादा कार्य करवाये जाये तथा ग्रामीण क्षेत्र में 500 गज तक 20 वर्ष पुराने अवैध मकानों को नियमित करवाने के लिए भी कार्रवाई की जाये। डीसी स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में विकास एवं पंचायत, पंचायतीराज एवं जिला परिषद द्वारा करवाये जा रहे कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, पंचायतीराज विभाग के कार्यकारी अभियंता नवीन कुमार, सांपला की खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी शिखा सहरावत ने विकास कार्यों बारे जानकारी दी। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार ने जिला परिषद के स्वीकृत किए गए कार्यों व बजट बारे विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्णय अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में पंचायती भूमि पर 500 गज तक बने 20 वर्ष पुराने मकानों को नियमित करवाने बारे लोगों को जागरूक करें तथा ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव प्राप्त करे। ऐसे मकानों को सरकार द्वारा निर्धारित राशि जमा करवाकर नियमित किया जा रहा है, जो तालाब, फिरनी एवं आम रास्ता की जगह पर नहीं बने हुए है। जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल ने कहा कि विभाग द्वारा अब तक मुख्यालयों को 8 केस नियमित करवाने के लिए भेजा गया था, जिनमें से 5 मकानों को नियमित किया जा चुका है तथा 3 मकानों को नियमित करने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि जिला में ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत ज्यादा से ज्यादा कार्य करवाये जाये। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत घर-घर से कूड़ा एकत्रित करने के प्रबंध किए जाये तथा इसका निष्पादन भी करवाया जाये। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। जिला में गत वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान लखपति दीदी के तहत जिला को 6 हजार लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य दिया गया था तथा जिला में इस दौरान 6996 महिलाओं का सशक्तिकरण करते हुए लखपति दीदी बनाया गया। इस वर्ष जिला में 2500 महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिस पर कार्य जारी है।

सभी गांवों को मॉडल बनाने के लिए 10 सूत्रीय एजेंडा पर करें कार्य

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि गांवों को मॉडल बनाने के लिए 10-सूत्रीय एजेंडा पर कार्य किया जाये। इन कार्यों में स्वच्छ एवं हरित गलियां के अंतर्गत गड्ढा-मुक्त सडक़ें, उचित जल निकासी और नियमित सफाई, वृक्षारोपण, पार्क विकास, व्यायामशाला/योगशालाओं की स्थापना करना है। इसी तरह जल सुरक्षा एवं प्रबंधन के तहत ट्यूबवेल और आरसीसी पाइपलाइन के माध्यम से कार्यशील पाइप्ड जल आपूर्ति, तालाबों का पुनर्जीवन (डीसिल्टिंग, डीवाटरिंग) और ग्रे वाटर मैनेजमेंट शामिल है। ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन के तहत घर-घर कचरा संग्रहण और पृथक्करण, बायोगैस/गोबरधन संयंत्रों और तरल अपशिष्ट परियोजनाओं का संचालन करना है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीटीवी के अंतर्गत सभी सडक़ों पर 100 प्रतिशत कार्यशील एलईडी स्ट्रीट लाइटें, सार्वजनिक सुरक्षा के लिए प्रमुख चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे का प्रस्ताव है। डिजिटल एवं शैक्षणिक हब ई-लाइब्रेरी, महिला सांस्कृतिक केंद्र और इनडोर जिम, सरकारी स्कूलों और आंगनवाडिय़ों की मरम्मत एवं रखरखाव शामिल है। सामुदायिक परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण के तहत चौपालों, शिवधाम, स्मारकों और बस शेल्टरों का नवीनीकरण, ग्राम सचिवालयों का उचित रखरखाव एवं संचालन करना है। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता ढांचा के अंतर्गत पीएचसी/सब-हेल्थ सेंटरों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण, स्वच्छ, कार्यशील सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करनी है।
सचिन गुप्ता ने कहा कि खेल एवं युवा सहभागिता के तहत ग्रामीण खेल स्टेडियम और ओपन जिम का रखरखाव, युवा क्लबों, सांस्कृतिक व खेल आयोजनों को बढ़ावा देना है। हरित ऊर्जा एवं सतत विकास के अंतर्गत सोलर स्ट्रीट लाइटों और नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को प्रोत्साहन देना, बायोगैस व अपशिष्ट-से-ऊर्जा जैसी पर्यावरण हितैषी पहलें शुरू करना है। सहभागी शासन एवं निगरानी के तहत ग्राम संपत्तियों का सामाजिक लेखा परीक्षण और पंचायत प्रस्तावों पर कार्यवाही तथा विकास कार्यों की निगरानी हेतु डिजिटल डैशबोर्ड आदि शामिल है। इस अवसर पर रोहतक के सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी अशोक कुमार, कलानौर के सामाजिक शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी संजय अहलावत, मनरेगा के परियोजना अधिकारी अशोक कुमार, पंचायतीराज विभाग के एसडीओ अतुल कुमार एवं यादवेंद्र, योजना विभाग की सहायक परियोजना अधिकारी नीरू, डीपीएम योगेश पराशर, सांपला की एसडीओ अनुपमा सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *