विशेष संवाददाता चिमन लाल
कार्यालय में मोबाइल फोन का व्यक्तिगत रूप से न करें प्रयोग, कार्यालयों में जल्द शुरू होगी बायोमेट्रिक अटेंडेंस
रोहतक,
उपायुक्त रोहतक सचिन गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यालय की गरिमा के अनुरूप ड्रेस पहनने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त शुक्रवार को अपने कार्यालय में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सर्विस की गाइडलाइन में यह पहले से दर्ज है कि अधिकारी और कर्मचारियों को ऐसे कपड़े पहनना चाहिए, जिससे कि शिष्टाचार, अनुशासन व सभ्यता बनी रहे। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि अधिकारी व कर्मचारी उस स्थिति में ही मोबाइल का प्रयोग करें जब जरूरी हो अथवा ऑफिस कार्य से संबंधित हो। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी व कर्मचारी जन सेवा के उद्देश्य से सरकारी सेवा में आए हैं और उन्हें इसी भावना के अनुरूप अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। एक सवाल का जवाब में उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी कार्यालयों में बायोमेट्रिक अटेंडेंस शुरू हो जाएगी और उसी के अनुसार सैलरी का भुगतान किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने यह भी कहा कि सभी विभागों को फील्ड में कार्य करने का शेड्यूल जारी करना होगा ताकि कार्यालय में आने वाले लोगों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी अधिकारी अथवा कर्मचारी सरकारी कार्य से फील्ड में जाएंगे तो उन्हें मोमेंट रजिस्टर में इसका इंद्राज करना होगा। उन्होंने आमजन का आह्वान करते हुए कहा कि अगर उनकी कोई समस्या है तो समाधान के लिए समाधान शिविर में आए, क्योंकि बहुत सी ऐसी समस्याएं होती है, जिनका संबंध दो या अधिक विभागों से होता है। समाधान शिविरों में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहते हैं। इस स्थिति में समस्या का समाधान मौके पर हो सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार और वीरवार को सप्ताह में 2 दिन समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं।