अपनी पत्नी की हत्या करके सबूत मिटाने के लिए जलाने के मामले का आरोपी पति गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

थाना मछरौली पुलिस ने एक आरोपी को अपनी पत्नी की हत्या कर सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव जलाने के मामले में गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना माछरौली प्रबंधक निरीक्षक प्रमजीत ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका आशा की मां द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी, जिसमें आरोप लगाया गया कि उसकी बेटी की शादी 30 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार गांव खेड़ी सुल्तानपुर निवासी जतिन के साथ हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि शादी के बाद आरोपी ने उसकी बेटी की हत्या कर दी है। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने 18/19 दिसंबर 2025 की रात को आशा की हत्या की और घटना को छिपाने के इरादे से उसी रात उसके शव को जला दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए, जिससे मामले को सुलझाने में अहम सुराग मिले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जतिन निवासी खेड़ी सुल्तानपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत झज्जर में पेश किया गया, जहां माननीय अदालत के आदेशानुसार उसे गहन पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। थाना मछरौली पुलिस द्वारा मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। झज्जर पुलिस अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *