अवैध प्लास्टिक व एल्युमिनियम प्रोसेसिंग इकाइयों पर कार्रवाई

विशेष संवाददाता चिमन लाल

आठ यूनिटों में तोड़े गए 36 भट्टे, बिजली कनेक्शन काटे

बहादुरगढ़,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता के बिगड़ते स्तर को देखते हुए लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) स्टेज-3 लागू है। जिला झज्जर भी एनसीआर क्षेत्र में आता है और ग्रैप नियमों को जिले में प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है। ग्रेप थ्री के नियमों के अवहेलना करने वालों पर सख्त कार्यवाही के आदेश संबंधित विभागों को दिए गए हैंं। उन्होंने कहा कि हम सभी को सांस लेने के लिए शुद्ध हवा चाहिए। इसलिए सभी नागरिक पर्यावरण संरक्षण की मुहिम मेंं सक्रिय रूप से भागीदार बनें और गैरकानूनी कार्यों को रोकने के लिए प्रशासन का सहयोग करें।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने विस्तार से जानकारी देते हुए बताया वायु प्रदूषण फैलाने वाली अवैध औद्योगिक इकाइयों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह संयुक्त कार्रवाई गांव कानोदा और बमनोली क्षेत्र में की गई, जिसमें हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, उत्तरी हरियाणा बिजली वितरण निगम, बीडीपीओ, जिला नगर एवं ग्राम योजनाकार और पुलिस विभाग की टीमें शामिल रही।
निरीक्षण के दौरान अवैध एल्युमिनियम वेस्ट मेल्टिंग और प्लास्टिक प्रोसेसिंग यूनिटों पर तुरंत कार्रवाई करते हुए कुल 36 भट्टों को ध्वस्त किया गया और कई स्थानों पर बिजली कनेक्शन काटे गए। सभी स्थलों पर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि वायु गुणवत्ता को सुधारने और प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण के लिए जिले में निरंतर सघन निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। ग्रैप-3 के तहत किसी भी प्रकार की अवैध औद्योगिक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी ताकि जिले में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके और आमजन को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *