विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में झज्जर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सीआईए-1 बहादुरगढ़ की पुलिस टीम ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो आरोपियों को अवैध हथियार और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए-1 बहादुरगढ़ के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि सीआईए-1में तैनात मुख्य सिपाही सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना सदर बहादुरगढ़ के क्षेत्र में पावर ग्रिड डाबौदा खुर्द के नजदीक से विजय निवासी भदानी को काबू किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।वहीं दूसरी पुलिस टीम, जिसमें मुख्य सिपाही संदीप कुमार तैनात थे, ने थाना शहर बहादुरगढ़ के क्षेत्र से राहुल निवासी भदानी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया माननीय अदालत के आदेश अनुसार पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। झज्जर पुलिस द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी।