विशेष संवाददाता चिमन लाल
बादली
एवीटी स्टाफ झज्जर की पुलिस टीम ने थाना बादली क्षेत्र से दो आरोपियों को एक अवैध हथियार और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। मामले की जानकारी देते हुए एवीटी स्टाफ झज्जर के उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के निर्देशों की पालना करते हुए एवीटी स्टाफ में तैनात सहायक उप निरीक्षक संदीप कुमार अपनी टीम के साथ थाना बादली क्षेत्र में गश्त पर थे, गश्त के दौरान गांव बादली बाईपास के पास सड़क किनारे एक सैंट्रो कार में दो युवक बैठे दिखाई दिए। शक के आधार पर चेकिंग करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से एक अवैध हथियार व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण व सक्षम निवासी गांव बादली के रूप में हुई। दोनों के खिलाफ थाना बादली में मामला दर्ज कर अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया, जहां माननीय अदालत के आदेशानुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।