विशेष संवाददाता चिमन लाल
एसडीएम रेणुका नांदल ने बेरी मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर दुकानदारों और व्यापारी संगठनों की बैठक
बेरी (झज्जर),
धर्म नगरी बेरी के मां भीमेश्वरी देवी नवरात्र मेला 2025 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी जोरों से चल रही है। इस बार नवरात्र मेला 22 सितंबर से शुरु होने जा रहा है, जोकि 30 सितंबर तक चलेगा। एसडीएम रेणुका नांदल ने मंगलवार को व्यापारियों व दुकानदारों के साथ बैठक कर नवरात्र मेले में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर मनाही के निर्देश दिए। एसडीएम ने नगरपालिका अधिकारियों को भी कड़े निर्देश देते हुए सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के चालान करने तथा व्यापारियों व दुकानदारों से भी प्लास्टिक यूज नहीं करने कि अपील की। उन्होंने कहा कि यह जमीन में दबाने पर भी नहीं गलता और पर्यावरण के लिए काफी नुकसानदायक है।
उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का वातावरण पर लंबे समय तक विपरीत प्रभाव पड़ता है। एसडीएम ने श्रद्धालुओं से आह्वान करते हुए कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के लिए काफी नुकसानदायक है इसे समझते हुए इसका इस्तेमाल ना करें और इस मामले में प्रशासन का सहयोग करें। नागरिकों के सहयोग से ही प्रशासन इस मुहिम को बेहतर तरीके से पूरी करने में सफल होगा। इस अवसर पर नगरपालिका सचिव पूजा साहू, बेरी गौशाला के उपप्रधान एवं कपड़ा व्यापारी राजीव मित्तल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित थे।