ई-रिक्शा चार्जिंग और पार्किंग स्टेशन में लगी आग में बीते 18 मई को दो किशोरों की जलकर हुई थी मौत, अब लगेगी लगाम

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पिछले महीने शहर में ऐसी कई घटनाएं देखने को मिली हैं। ऐसे अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन लोगों की जान के लिए खतरा बन रहे हैं। यह कार्रवाई दिल्ली के शाहदरा के राम नगर इलाके में एक ई-रिक्शा चार्जिंग और पार्किंग स्टेशन में लगी आग में दो किशोरों की जलकर मौत और चार लोगों के घायल होने के एक दिन बाद हुई है।

सभी अधिकारियों से अपने जिलों में अवैध चार्जिंग स्टेशनों का डेटा एकत्र करने और उनके खिलाफ कार्रवाई योजना बनाने को कहा है।

इसी तरह की एक घटना 18 मई को भी सामने आई थी, जब शाहदरा में एक अवैध चार्जिंग स्टेशन पर चार्ज हो रहे ई-रिक्शा में आग लगने से दो बच्चों समेत एक परिवार के छह लोग झुलस गए थे।

सूत्रों के मुताबिक, शहर की बिजली वितरण कंपनियां अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग सुविधाओं के खतरे से जूझ रही हैं। आधिकारिक अनुमानों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में लगभग 1.2 लाख पंजीकृत ई-रिक्शा सक्रिय हैं।

हालांकि, कई ई-रिक्शा वैध पंजीकरण के बिना भी सड़कों पर चलते हैं, जिससे भीड़भाड़ होती है और सुरक्षा जोखिम पैदा होता है।

सूत्र के मुताबिक, डिस्काम और बिजली विभाग ने ई-रिक्शा की चार्जिंग में बिजली चोरी को रोकने और सुरक्षा मुद्दों को हल करने की कोशिश की है।

व्यक्तियों और ऑपरेटरों को लगभग चार हजार कानूनी ई-रिक्शा चार्जिंग कनेक्शन दिए गए हैं। प्रत्येक कनेक्शन कई ई-रिक्शा चार्ज करने में सक्षम है।

सूत्र के मुताबिक, अवैध चार्जिंग और घटिया बैटरी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं, जिससे आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि यह एक नई तरह की बिजली चोरी है।

अनुमान के मुताबिक, 60 प्रतिशत से अधिक ई-रिक्शा बिजली चोरी में शामिल हैं, जिसके परिणामस्वरूप शहर भर में 15-20 मेगावाट का नुकसान होता है, जो सालाना लगभग 120 करोड़ रुपये का नुकसान होता है।

पुलिस और डिस्काम के अनुसार, उन्होंने शहर में कई ऐसे इलाकों की पहचान की है, जहां ई-रिक्शा द्वारा बिजली चोरी अधिक होती है।

जिनमें संगम विहार, जामिया, बटला हाउस, तुगलकाबाद, सराय काले खां, मादीपुर, नांगलोई, मटियाला, मंडावली, मिंटो रोड, सीलमपुर, यमुना विहार, शास्त्री पार्क, करावल नगर, मुस्तफाबाद, नंद नगरी, करोल बाग, सिविल लाइंस, मुखर्जी नगर, रोहिणी, बवाना और नरेला शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *