उपायुक्त रोहतक ने आधा दर्जन से अधिक गांवों का दौरा कर कृषि भूमि से जल निकासी का लिया जायजा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

नागरिक भयग्रस्त न हो, जिला में स्थिति नियंत्रण में- उपायुक्त सचिन गुप्ता

जल निकासी के लिए लगाए गए हैं 300 से ज्यादा पम्प सेट

रोहतक

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि बाढ़ जैसी स्थिति को लेकर लोगों को भयग्रस्त होने की जरूरत नहीं है, जिला में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आज जिला के गांव बहु अकबरपुर, बनियानी, पटवापुर, कलानौर ग्रामीण व कलानौर शहरी सहित आधा दर्जन से भी अधिक गांवों का दौरा करके कृषि भूमि से जल निकासी कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। प्रशासन के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है। जल निकासी के लिए 300 से ज्यादा पंप सेट लगाए गए हैं। अतिरिक्त संसाधन भी जिला प्रशासन के पास उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि ड्रेन नंबर आठ में पानी निर्धारित क्षमता से कम है और ऐसे में आमजन को भयग्रस्त होने की कोई जरूरत नहीं है। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने गांव बहुअकबरपुर में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण करने के दौरान खेल मैदान से पानी निकासी करने के निर्देश दिए और कहा कि खेल मैदान को बढिय़ा तरीके से तैयार किया जाए। उन्होंने गांव में ही कृषि भूमि से जल निकासी के कार्यों का निरीक्षण किया। गांव के बोरस जोहड़ से की जा रही जल निकासी को भी देखा। इसके उपरांत उन्होंने लाखन माजरा लिंक डे्रन का भी निरीक्षण किया और कहा कि कृषि भूमि से जल निकासी के लिए अतिरिक्त पम्प सेट लगाया जाए। उन्होंने गांव बनियानी के जोहड़ का भी निरीक्षण किया और तुरंत जल निकासी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, सिंचाई विभाग तथा बिजली निगम के अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *