विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीसी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार राज्य चुनाव आयोग द्वारा एसआईआर का शेड्यूल जारी किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस प्रक्रिया में सहयोग करें और अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त करें।
डीसी ने कहा कि बीएलए को एसआईआर की पूरी जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि एक बीएलए एक बार में अधिकतम 50 फॉर्म ब्लॉक में और प्रतिदिन अधिकतम 10 फॉर्म ही जमा करवा सकेगा। यह व्यवस्था पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करने के लिए की गई है। डीसी ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अहम हिस्सा है। उन्होंने राजनीतिक दलों से अपेक्षा की कि वे लोगों को जागरूक करें और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाने में सहयोग करें। मीटिंग में सीटीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नमिता कुमारी सहित चुनाव कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।