विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक
रोहतक पुलिस द्वारा शुक्रवार को देश के प्रथम गृह मंत्री एवं देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय मे अधिकारियो व जवानों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। पुलिस अधीक्षक श्री सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने राष्ट्र के लौह पुरुष को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी देशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दी है।
उन्होंने कहा कि देश के महानायक सरदार वल्लभभाई पटेल की याद में यह दिन मनाया जाता है। किसी भी देश की तरक्की, समृद्धि, सुख और शांति के लिए सबसे जरूरी है उस देश के लोगो का आपस का भाईचारा है। हमारा देश लगभग 200 साल तक अंग्रेजों का गुलाम रहा है। हमें 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी मिली है। उस समय देश में 562 रियासतें थी। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी सुझबुझ, लगन, परिश्रम व अथक प्रयासों से सभी को एक सूत्र में बांधा है। हम सभी को उनके बताए हुए रास्ते पर चलाने का प्रयास करना चाहिए। हम सभी एकजुट होकर ईमानदारी व सच्ची निष्ठा से अपना कार्य करे तथा देश, प्रदेश, समाज को नई ऊचाइयों तक पहुँचाए। राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए खुद को समर्पित करें तथा अन्य देशवासियों के बीच इस संदेश को फैलाने के लिए अथक प्रयास करें। राष्ट्र को एकजुट बनाए रखने में भारतीय पुलिस बल की भूमिका भी सराहनीय रही है। हम सभी को एकजुट होकर देश की तरक्की, उन्नति के लिए कार्य करना चाहिए। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सभी थाना व चौकी प्रभारियो ने अपने-अपने थाना एवं चौकी परिसर में पुलिस कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाई है।
शपथः-
मैं सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करेंगे और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हू जिसे सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूँ।