ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर साइबर ठगों को दिल्ली पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर एक बड़े साइबर फ्रॉड का खुलासा किया है. आरोपियों ने दिल्ली के गोकलपुरी इलाके के एक युवक से 5.63 लाख रुपये की ठगी की थी।जिसमें पुलिस ने मामले में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद किए, जिससे साइबर ठग अलग-अलग जगहों से लोगों को अपने झांसे में फसाते थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक 25 जनवरी 2026 को शिकायत कर्ता जितेंद्र ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे ऑनलाइन निवेश पर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया. शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने फर्जी प्रोफाइल और नकली रिटर्न दिखाए. इसके बाद जीएसटी, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज के नाम पर उससे धीरे-धीरे 5.63 लाख रुपये ऐंठ लिए गए. दिल्ली पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच, बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल सबूतों के आधार पर राजस्थान के बूंदी जिले में छापा मारा. वहीं से मुख्य आरोपी धनपाल मीणा निवासी बूंदी, को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान धनपाल ने अपने जुर्म को स्वीकार किया और अपने साथी सीताराम, निवासी टोंक, राजस्थान के बारे में जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने सीताराम को भी गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी फर्जी निवेश के नाम पर ठगी करने वाली निवेश स्कीमें दिखाकर लोगों को झांसे में लेते थे और अलग-अलग बहानों जैसे- जीएसटी, प्रोसेसिंग फीस और अन्य चार्ज दिखाकर पैसे ट्रांसफर कराते थे. पुलिस के मुताबिक इस गिरोह ने एक व्यक्ति से धीरे-धीरे कर 5.63 लाख रुपये ठगे हैं. वहीं अन्य लोग भी इस ठगी का हिस्सा बन चुके हैं. मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य पीड़ितों व आरोपियों की तलाश भी की जा रही है.