विशेष संवाददाता चिमन लाल
अपराधी और अपराध से दूर रहें युवा, गैंगस्टर को फॉलो करने की बजाय अच्छे काम की तरफ दे ध्यान: सी.पी. झज्जर
झज्जर
हरियाणा के डीजीपी श्री ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन में पूरे प्रदेश में संचालित किए जा रहे “ट्रैक डाउन अभियान” के तहत झज्जर पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में झज्जर जिले की विभिन्न पुलिस टीमों ने लगातार छापेमारी अभियान चलाकर कुल 181 अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया। इस व्यापक अभियान का मुख्य उद्देश्य संगठित अपराध, जघन्य वारदातों एवं अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना था। जिसमें झज्जर पुलिस की टीमों ने अत्यंत तत्परता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस अभियान के दौरान पुलिस द्वारा हिनियस क्राइम की श्रेणी में आने वाले गंभीर मामलों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। जिसमें ट्रैक डाउन अभियान के तहत गोलीबारी, जानलेवा हमला, लूट डकैती, हत्या और अन्य जघन्य अपराधों में लिप्त 100 आरोपियों को सूचीबध किया गया था। झज्जर पुलिस ने कड़ी मेहनत करते हुए इस आंकड़े को पार करते हुए 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों की तलाश काफी समय से जारी थी और लगातार तकनीकी निगरानी, गुप्त सूचनाओं और टीमवर्क के तालमेल के माध्यम से इन्हें गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही जिलेभर में विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित एवं अतिवांछित श्रेणी के 78 आरोपियों को भी पुलिस ने धर दबोचा, जिनमें लंबे समय से फरार अपराधी भी शामिल हैं। लगातार प्रयासों के बाद ऐसे आरोपियों की गिरफ्तारी ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। इस अभियान के दौरान हुए आपराधिक मामलों में झज्जर पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजने का कार्य किया है। इस दौरान झज्जर पुलिस ने दो आदतन अपराधियों की जमानत रद्द करवाकर उन्हें दोबारा जेल भेजा, जिससे उनके द्वारा भविष्य में कोई भी आपराधिक गतिविधि अंजाम देने की आशंका समाप्त हो सके। इसके अतिरिक्त झज्जर पुलिस ने 26 आरोपियों की नई हिस्ट्रीशीट खोली और पहले से खोली गई 63 हिस्ट्रीशिटरो वाले अपराधियों की गहन निगरानी करके यह सुनिश्चित किया गया कि ऐसे अपराधी किसी भी प्रकार की नई वारदात को अंजाम न दे सकें। इस अभियान में झज्जर पुलिस ने 17 आपराधिक मामले दर्ज किए, जिनमें आरोपियों के कब्जे से 17 अवैध हथियार और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। यह कार्रवाई जिले में अवैध हथियारों की सप्लाई चैन पर बड़ा प्रहार साबित हुई है। इसी प्रकार नशीले पदार्थों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 3 नए मामले दर्ज किए। इन मामलों में पुलिस टीमों ने आरोपियों से 117.03 ग्राम हीरोइन और 454 ग्राम गांजा बरामद किया गया। झज्जर पुलिस की योजनाबद्ध रणनीति, तत्परता और टीम वर्क ने यह दिखा दिया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह ने यह स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और समाज में भयमुक्त व सुरक्षित वातावरण बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस दौरान की कुछ घटनाएं:-
- सीआईए बहादुरगढ़ की टीम ने मात्र 12 घंटे के भीतर दुर्गा कॉलोनी बहादुरगढ़ में जानलेवा हमले के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन अवैध हथियार (पिस्तौल) और 9 जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
- 21 अक्टूबर 2025 की रात को टैक्सी से हिसार जा रहे व्यक्तियों की बहादुरगढ़ बाईपास पर चाकू की नोक पर सोने की चेन छीनने के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग स्कूटी और सोने की चेन बरामद
- रोहद निवासी एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में झज्जर पुलिस ने हत्या के दो आरोपियों को सूचना मिलने के 24 घंटे के अंदर किया गिरफ्तार
- थाना बादली क्षेत्र में होटल पर खाने पीने की चीज को लेकर हुई कहासुनी में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या के मामले में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, आरोपी से एक पिस्तौल और चार कारतूस बरामद
पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा हमारे देश का भविष्य है और हमारे देश का भविष्य नशे व अपराध की तरफ ना जाए यह हम सब की सामूहिक जिम्मेदारी है l युवाओं से खासकर अपील की सोशल मीडिया पर बदमाश और अपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को फॉलो ना करें इसकी बजाय सभी युवा पढ़ाई और खेलों की तरफ ध्यान दें जिससे उनका भविष्य सुरक्षित और उज्जवल हो l