खरीफ फसलों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण बेहद जरूरी : डीसी

विशेष संवाददाता चिमन लाल

अब किसान 31 अगस्त तक कर सकते हैं रजिस्ट्रेशन

झज्जर,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर खरीफ फसलों के पंजीकरण की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। अब किसान 31 अगस्त तक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। उन्होंने जिला के किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि जो किसान अपने खेतों में खरीफ फसलों की बुवाई कर चुके हैं। वे उपरोक्त पोर्टल पर अपनी फसलों का पंजीकरण अवश्य करा लें।
कृषि विभाग के उपनिदेशक जितेंद्र अहलावत ने बताया कि किसान कल्याण हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों का मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाना अनिवार्य है। फसल बिक्री के समय सरकार द्वारा केवल पोर्टल पर पंजीकृत किसान से ही खरीद की जाएगी, ऐसे में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने व फसलों को सरकार द्वारा निर्धारित दाम पर बेचने के लिए पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन जरूरी है। फसलों का पंजीकरण करवाने के लिए संबंधित किसान के पास परिवार पहचान पत्र का होना अनिवार्य है। किसान कोई जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2117 पर संपर्क कर सकते हैं। फसलों का पंजीकरण https://fasal.haryana.gov.in पोर्टल पर किया जा सकता है। किसान अपनी फसल का पंजीकरण पोर्टल पर जाकर स्वयं या कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से करवा सकते हैं।
पंजीकरण के अन्य फायदों के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सरकार के पास सभी किसानों का ब्यौरा आ जाने के बाद उन्हें मंडी बुलाना आसान हो जाता है। किसानों के मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर बता दिया जाता है कि उन्हें मंडी में किस दिन और किस वक्त आना है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए संबंधित फसल का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण कराना आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *