खरैंटी गांव में पशुपालन विभाग द्वारा स्वास्थ्य एवं बांझपन जांच शिविर का आयोजन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक,

पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा द्वारा आज जिला के गांव खरैंटी में पशु स्वास्थ्य एवं बांझपन जांच शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह शिविर उपायुक्त सचिन गुप्ता के नेतृत्व तथा उप निदेशक पशुपालन एवं डेयरी रोहतक डॉ. सूर्य खटकड़ एवं एसडीओ पशुपालन एवं डेयरी डॉ. हितेश राठी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में कुल 99 पशुपालक किसानों ने भाग लिया, जिनमें 222 पशुओं की जांच एवं उपचार किया गया। इन पशुओं में 187 भैंसें, 34 गायें व एक कुत्ता शामिल थे। शिविर में बांझपन एवं अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई तथा आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाइयों एवं कृमिनाशक (डिवॉर्मिंग) उपचार का प्रबंधन किया गया। रोगों की पुष्टि हेतु पशुओं के नमूने एकत्र कर जिला प्रयोगशाला भेजे गए। शिविर के दौरान पशुपालकों को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेष रूप से दीनदयाल उपाध्याय पशु बीमा योजना — रियायती दरों पर उपलब्ध व अनुसूचित जाति (एस सी) वर्ग के पशुपालकों के लिए बीमा पूर्णतः नि:शुल्क के बारे में जानकारी दी।
विभाग के अधिकारियों ने पशुपालकों से आह्वान किया कि वे उपलब्ध योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाकर पशुपालन गतिविधियों को एक लाभकारी एवं स्थायी आजीविका का माध्यम बनाएं। शिविर में मुख्य रूप से पशु चिकित्सक डॉ. देविका के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने सेवाएं प्रदान कीं, जिसमें डॉ. वैभव भारद्वाज, डॉ. अंजू रोहिल्ला, डॉ. विकास, अशोक कुमार और विशाल कुमार सहित विभागीय स्टाफ शामिल रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *