गणतंत्र दिवस को लेकर झज्जर पुलिस ने किए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध,पुलिस उपायुक्त जसलीन कौर ने शुक्रवार की रात नाकों का किया निरीक्षण

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र झज्जर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। दिल्ली से सटा हुआ जिला होने के कारण अतिरिक्त सावधानी बरती जा रही है। इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय जसलीन कौर ने शुक्रवार की रात को जिले के विभिन्न नाकों और शहर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नाकाबंदी, वाहन जांच, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा नियमित गश्त को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। पुलिस उपायुक्त जसलीन कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिल्ली सीमा से सटे मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए और हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। झज्जर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि गणतंत्र दिवस शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *