विशेष संवाददाता चिमन लाल
बुधवार 24 दिसम्बर को गांव जहाजगढ़ व बिसाहन में आयोजित किए जाएंगे एग्री स्टैक कैंप
बेरी, झज्जर
केंद्र सरकार की डिजिटल पहल एग्री स्टैक के अंतर्गत मंगलवार को खंड बेरी के गांव डीघल व दूबलधन में किसानों की एग्री स्टैक आईडी बनाने के लिए विशेष कैम्पों का आयोजन किया गया। एसडीएम रेणुका नांदल ने गांव डीघल में आयोजित कैंप में आईडी प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि इन कैम्पों का उद्देश्य किसानों को एग्री स्टैक से जोडक़र उन्हें सरकारी योजनाओं, कृषि सेवाओं एवं बाजार संबंधी सुविधाओं का लाभ प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि एग्री स्टैक भारत सरकार द्वारा विकसित एक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो कृषि क्षेत्र के लिए एकीकृत डेटाबेस एवं सेवाओं का समूह है। इसके माध्यम से किसान की पहचान, भूमि रिकॉर्ड एवं अन्य महत्वपूर्ण आंकड़ों को डिजिटल रूप से जोड़ा जाता है। इससे किसानों को सटीक जानकारी प्राप्त होती है तथा सरकारी संस्थाओं को किसानों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं प्रदान करने में सहायता मिलती है। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से एग्री स्टैक आईडी बनवाने का आह्वान किया। वहीं खंड कृषि अधिकारी डॉ अशोक रोहिल्ला ने किसानों को एग्री स्टैक के उद्देश्य, लाभ एवं उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा किसानों की मौके पर ही एग्री स्टैक आईडी बनाने की प्रक्रिया पूर्ण करवाई। उन्होंने बताया कि जिस भी व्यक्ति के नाम कृषि आधारित भूमि है केवल उसी किसान की आईडी बनेगी। उन्होंने बताया कि बुधवार 24 दिसम्बर को गांव जहाजगढ़ व बिसाहन में कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि सुपरवाइजर अरुण कुमार, एटीएम नवीन कुमार,पटवारी प्रवीण कुमार,संजय व सचिन, सरपंच सतीश कुमार सहित अन्य ग्रामीण व सबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।