विशेष संवाददाता चिमन लाल
फ्रोंक्स गाड़ी में सवार होकर आए 5 युवकों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी पर चलाई गोलियां, गोली लगने से घायल युवक का पीजीआई में चल रहा है ईलाज
फ्रोंक्स गाडी में सवार होकर आए दो युवकों को भी लगी गोली, गोली लगने से एक की मौत व एक घायल
रोहतक
पुलिस अधीक्षक रोहतक श्री सुरेंद्र सिंह भौरिया ने मीडिया को संबोधित करते हुये बताया कि दिनांक 19.12.2025 को सांय करीब 5:15 बजे पुलिस को सूचना प्राप्त हुई की गांव रिटोली में फ्रोंक्स कार सवार 5 युवकों ने फॉर्च्यूनर गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस टीम सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची। शहर की सभी पुलिस थाना को अलर्ट किया गया तथा जगह-2 नाकाबंदी कर वाहनों की जांच करनी शुरू कर दी गई। वारदात में गोली लगने से घायल युवक दीपक पुत्र रमेश निवासी सुडाना को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दीपक की शिकायत के आधार पर धारा 109, 190, 191(3) बी.एन.एस. व शस्त्र अधिनियम के तहत थाना शिवाजी कॉलोनी में अभियोग संख्या 561/2025 अंकित कर जाँच शुरू की गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दीपक की सन्नी निवासी रिटौली के साथ शराब के ठेके में साझेदारी है। सन्नी का गांव रिटौली में शराब का ठेका है। कल सांय दीपक, सन्नी व उसके साथी शराब के ठेके के बाहर गाड़ी से सामान को अनलोड कर रहे थे। तभी फ्रोंक्स कार में सवार 5 युवक हथियारों सहित आए और शराब ठेके के पास खड़ी फॉर्च्यूनर गाड़ी पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। गोली दीपक के पेट व कंधे पर लगी। सन्नी, दीपक व अन्य ने भागकर जान बचाई। वारदात के दौरान फ्रोंक्स कार सवार दो युवकों को भी गोली लगी। वारदात के बाद पांचों युवक गाडी में बैठकर फरार हो गये। गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई तथा दूसरे युवक का झज्जर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक युवक की पहचान दीपांशु निवासी गांव महराणा, जिला झज्जर के रूप में हुई है। दीपांशु के खिलाफ एक मामला पहले ही दर्ज है। घायल युवक की पहचान रोहित निवासी गांव आसौदा, जिला झज्जर के रूप में हुई है। रोहित के खिलाफ 11 आपराधिक मामलें दर्ज है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हिमांशु भाऊ व सन्नी रिटौली में लम्बे समय से रंजिश चल रही है। हिमांशु भाऊ फरार चल रहा है। रिटोली गांव स्थित शराब ठेका सन्नी रिटोली ने ले रखा है। शुक्रवार शाम सन्नी ठेके पर था। ठेके पर इसके साथ इसके साथी व ठेके का कर्मचारी मौजूद था। वारदात में करीब 40 राउड फायरिंग हुई है। वारदात मे शामिल सभी युवको की पहचान की जा चुकी है। घाय़ल युवकों से गहनता से पूछताछ की जा रही है। कुछ संदिग्घ युवकों को हिरासत में लेकर पुछताछ की जा रही है।
दोनों गुटो में 2020 से चल रही रंजिश
हिमांशु उर्फ भाउ व सन्नी दोनो एक ही गांव के हैं। 2020 से दोनो में रंजिश चली आ रही है। झगड़े की शुरुआत बसों की किस्तों को लेकर हुआ था। सन्नी ने हिमांशु के चाचा के लड़के बजरंग की हत्या मार्च 2022 में की थी। उसका बदला लेने के लिए हिमांशु ने सन्नी के साथी हंसराज की हत्या की थी। उसके बाद से दोनो के बीच लगातार रंजिश चली आ रही है। इसी साल जून महीने में सन्नी के चाचा का मर्डर किया था। अभी तक रंजिश में तीन मर्डर हो चुके हैं।
दीपक निवासी गांव सुंडाना, रोहतक जो कि घायल है जिसको ईलाज के लिये पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है। दीपक पर अवैध शराब व अवैध हथियार रखने के दो मामले दर्ज है। सन्नी पुत्र जोगेन्द्र निवासी गांव रिटौली पर 12 मामलें दर्ज है। सन्नी के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अवैध हथियार रखने, स्नैचिंग, लड़ाई-झगड़ा, संगठित अपराध आदि के खिलाफ मामले दर्ज है। दीपांशु निवासी गांव महराणा, जिला झज्जर जिसकी गोली लगने के कारण मौत हो गई। अभी तक की जांच में दीपांशु पर एक मामला दर्ज पाया गया है। रोहित निवासी गांव आसौदा, जिला झज्जर गोली लगने से घायल हुआ है जिसका इलाज झज्जर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। रोहित के खिलाफ 11 मामलें हत्या, हत्या का प्रयास आदि धाराओं के तहत दर्ज है। रोहित हाल में पैरोल पर आया हुआ है। आरोपी सजायाफ्ता अपराधी है।