गोकर्ण धाम में गीता आरती और दीपोत्सव के साथ संपन्न हुआ तीन दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव

विशेष संवाददाता चिमन लाल

भव्य नगर शोभा यात्रा को महंत कपिलपुरी ने झंडी दिखाकर किया रवाना

रोहतक,

अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के तीसरे व अंतिम दिन भव्य नगर शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस भव्य नगर शोभायात्रा को स्थानीय दुर्गा भवन मंदिर से मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम एव महंत कपिलपुरी ने हरी झंडी दिखाकर तथा नारियल तोडक़र रवाना किया। यह नगर शोभायात्रा दुर्गा भवन मंदिर से चलकर पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला में संपन्न हुई, जहां पर भाजपा के युवा नेता दीपक निवास हुड्डा ने गीता को मुख्य मंच तक पहुंचाया। मुख्य मंच पर गीता पाठ किया गया। तीन दिवसीय गीता महोत्सव का स्थानीय गौकर्ण धाम में गीता आरती एवं दीप दान के साथ समापन हुआ।
भव्य नगर शोभायात्रा में तीन बैंड, एक रथ व 9 भव्य झांकियां शामिल थी। प्रथम रथ में गीता की पालकी में पवित्र ग्रंथ गीता विराजमान रही। सभी अतिथिगण ने गीता आरती की। शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण व गीता पर आधारित 9 भव्य झांकियों के अलावा 3 बैंड शामिल रहे। झांकियों में राधा कृष्ण की झांकी, भगवान शंकर-पार्वती की झांकी, भगवान श्री कृष्ण-अर्जुन की झांकी, भगवान श्री कृष्ण-सुदामा झांकी, गणेश जी की झांकी, भगवान श्री कृष्ण-कंस युद्ध की झांकी, भगवान श्री कृष्ण-वासुदेव-देवकी झांकी, गोपियों के साथ रास रचाते भगवान श्री कृष्ण की झांकी तथा भगवान शंकर की झांकी शामिल रही।
भव्य नगर शोभा यात्रा लोगों को गीता के संदेश से जागरूक करते हुए भिवानी स्टैंड, शांतमई चौक, गोहाना अड्डा, नागरिक अस्पताल चौक, आकाशवाणी केंद्र चौक, पुलिस लाइन, अंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड होते हुए पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला में संपन्न हुई। नगर शोभा यात्रा संपन्न होने पर गीता महोत्सव परिसर में पहुंची पवित्र ग्रंथ गीता को भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा ने सिर पर उठाकर मुख्य मंच पर स्थापित किया तथा गीता आरती भी की। इस अवसर पर परिवहन महाप्रबंधक विपिन कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी, सुभाष तायल, विपिन गोयल, स्नेह गोयल, अमित नागपाल, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजबाला, खंड शिक्षा अधिकारी सरिता खनगवाल, एलडीएम महाबीर प्रसाद सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी तथा संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *