छात्राओं ने राखी बांधकर उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह के स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना की

विशेष संवाददाता चिमन लाल

उपायुक्त ने दी भाई-बहन के पवित्र त्योहार की शुभकामनाएं

रोहतक,

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने जिलावासियों को भाई-बहन के पवित्र त्योहार रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी है। स्थानीय शिक्षा भारती विद्यालय की छात्राओं ने प्राचार्या ममता भोला के नेतृत्व में उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह को राखी बांधकर उनके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना की।
डीसी धर्मेंद्र सिंह ने राखी बांधने वाली छात्राओं व विद्यालय की प्राचार्या ममता भोला को रक्षा बंधन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्राचीन समय से भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है। इस दिन बहन अपने भाई की कलाई पर प्रेम रूपी राखी बांधकर उनकी दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना करती है। भाई भी उस दिन अपनी बहन को सुरक्षा का वचन देते है तथा उन्हें उपहार भेंट करते है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन सावन या अगस्त महीने में मनाया जाने वाला एक सांस्कृतिक त्योहार है। यह भाई-बहन के पवित्र बंधन को याद करने का एक पवित्र अवसर है। इस दिन भाई-बहन एक-दूसरे को मिठाई खिलाते हैं और बहनें अपने भाई की लंबी उम्र और सुरक्षा के लिए प्रार्थना करती हैं। यह त्योहार भाई-बहन के बीच विश्वास और अटूट प्रेम का प्रतीक है। हम अपने जीवनकाल में कई रिश्ते निभाते हैं, लेकिन भाई-बहन का रिश्ता अनमोल होता है। रक्षाबंधन शांति और सद्भाव के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। हिंदू पौराणिक कथाओं के अनुसार, राखी को प्रेम और एकता का प्रतीक माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *