विशेष संवाददाता चिमन लाल
जल क्षेत्र को मजबूत करने के लिए विश्व बैंक ने 5,700 करोड़ के ऋण को दी मंजूरी- उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि विश्व बैंक द्वारा हरियाणा में जल क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए 5700 करोड़ रुपये के ऋण की स्वीकृति प्रदान की है। जल संरक्षित हरियाणा परियोजना के तहत प्रदेश को जल क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य है। परियोजना के तहत वर्ष 2026 से 2032 तक रोहतक मंडल के जिलों में जल संरक्षण पर भी कार्य किया जाएगा। यह कार्य आगामी 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगा। डीसी सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में विभाग की गतिविधियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा इस परियोजना के तहत विस्तृत एस्टीमेट तैयार करें। अधिकारी खारे पानी पर विशेष फोकस करें तथा इस परियोजना के तहत सम्पूर्ण जिला की कार्य योजना तैयार की जाए। विभाग द्वारा इस परियोजना के तहत कलानौर कलां की 2200 एकड़ भूमि का एस्टीमेट तैयार किया गया है तथा आगामी प्रक्रिया जारी है। इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए उपरोक्त दोनों पद्धतियों पर कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि परियोजना के तहत कृषि विभाग प्रदेश में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए ट्यूबवेल आधारित ड्रेनेज और सतही जल निकासी प्रणालियां विकसित करेगा। विभाग द्वारा सोलर आधारित ट्यूबवेल ड्रेनेज को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। रोहतक मंडल में 39250 एकड़ भूमि संरक्षण के प्रस्ताव तैयार कर टेंडर अलॉट किए जा चुके हैं। इसके साथ ही फसल विविधीकरण, धान की सीधी बिजाई ऑफ राइस और अन्य जल संरक्षण आधारित कृषि पद्धतियों को बढ़ावा दिया जाएगा। विभाग की मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. नीना सहवाग ने कहा कि विभाग द्वारा जिला के चार गांवों किलोई खास व किलोई दोपाना, रिठाल नरवाल तथा आसन में सब सरफेस ड्रेनेज (उप सतह जल निकासी) प्रणाली के तहत भूमि संरक्षण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत भूमि के सतह पर आए साल्ट को पाईपों के माध्यम से हटाया जाता है।
इस अवसर पर मंडल भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ.नीना सहवाग, कृषि उप निदेशक डॉ. सुरेंद्र मलिक, जिला मत्स्य अधिकारी आशा हुड्डा, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. मदनलाल, पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. नरेंद्र दहिया, कलानौर के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मपाल, एसएसओ अनिल अहलावत, एसडीएओ संदीप सिंह के अलावा एपीओ मेघना, ज्वाला सिंह, विनोद कुमार, अमित, सीमा, अमित, दीपक सिंह, राकेश कुमार, कमल व सोमबीर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।