जिला स्तरीय किसान मेले का 16 फरवरी को गांव कोयलपुर में होगा आयोजन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर,

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, झज्जर द्वारा 16 फरवरी सोमवार को प्रातः 11:00 बजे गांव कोयलपुर में जिला स्तरीय किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। इस किसान मेले में कोयलपुर, खेतावास तथा आसपास के सभी गांवों के किसानों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे विभाग की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकें और उनका अधिक से अधिक लाभ उठा सकें। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग अधिकारी ने बताया कि किसान मेले में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त झज्जर तथा अतिरिक्त उपायुक्त झज्जर उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर किसानों को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी कृषि योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया जाएगा। मेले में एग्रीस्टैक फार्मर आईडी, प्राकृतिक खेती, मेरी फसल मेरा ब्यौरा, पीएम किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेरा पानी मेरी विरासत, फसल विविधीकरण, माइक्रो सिंचाई, मृदा स्वास्थ्य कार्ड तथा फसल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।
मेले के दौरान किसानों को नई तकनीकों और उन्नत कृषि पद्धतियों से परिचित कराने के लिए विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं द्वारा डेमोंस्ट्रेशन स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां विशेषज्ञों द्वारा मौके पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। कृषि विभाग ने कोयलपुर, खेतावास व आसपास के गांवों के सभी किसानों से अपील की है कि वे योजनाओं में पंजीकरण व आवश्यक जांच करवाने के लिए अपने जरूरी दस्तावेजों सहित समय पर मेले में पहुंचें और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *