झज्जर पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत डकैती और अपहरण के मामले में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

डीजीपी हरियाणा श्री ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशन एवं पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल मार्गदर्शन में झज्जर पुलिस ने ऑपरेशन ट्रैकडाउन के अंतर्गत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती और अपहरण के गंभीर मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को महाराष्ट्र निवासी सतीश अपनी गाड़ी में धान की फसल लेने के लिए झज्जर मंडी आया हुआ था। जब वह झज्जर रेवाड़ी हाईवे पर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो दो गाड़ियों में आए लगभग छह युवकों ने उसकी गाड़ी को रोक लिया। आरोपियों ने पीड़ित सतीश के साथ मारपीट की, वाहन के शीशे तोड़ दिए तथा गाड़ी में रखे लगभग 11 लाख रुपये और उसका पर्स छीन लिया। इसके उपरांत पीड़ित को आरोपियों के अन्य साथियों को सौंप दिया गया, जो उसे जबरन हिमाचल प्रदेश ले गए और वहां उसके साथ मार पिटाई की घटना की शिकायत मिलते ही थाना सदर झज्जर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के आदेशानुसार इस मामले की जांच सीआईए झज्जर को सौंपी गई। उप-निरीक्षक आजाद कुमार के नेतृत्व में काम कर रही टीम ने गहनता से जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक निवासी हरिपुरा मोहल्ला, झज्जर तथा धर्मवीर निवासी शक्ति पार्क, गुरुग्राम के रूप में हुई है। आरोपी अशोक को माननीय अदालत द्वारा न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, वहीं आरोपी धर्मवीर को आगे की पूछताछ हेतु 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त हुआ है।सीआईए झज्जर की टीम शेष आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूर्ण खुलासा करने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *