विशेष संवाददाता चिमन लाल
बहादुरगढ़
बहादुरगढ़ पुलिस द्वारा नशा मुक्ति एवं सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम के उप निरीक्षक सत्य प्रकाश के नेतृत्व में औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) आसौदा सिवान तथा आसौदा सिवान क्षेत्र में डोर टू डोर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना था।उप निरीक्षक सत्य प्रकाश ने प्रशिक्षण केंद्र में उपस्थित विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। युवाओं से आह्वान किया गया कि वे नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को सुरक्षित बनाएं। इसके साथ ही आसौदा सिवान क्षेत्र में घर-घर जाकर नागरिकों को नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। लोगों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन कानूनन अपराध है और इससे जीवन पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। टीम ने सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, तेज गति से वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।