झज्जर शहर का दौरा करके डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने लिया सफाई और सौंदर्यीकरण व्यवस्था का जायजा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

सड़कों, पार्कों व मुख्य चौराहों के सौंदर्यीकरण में सहभागी बने शहरवासी

झज्जर,

उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल शनिवार की सुबह एडीसी जगनिवास के साथ फील्ड में उतरे और शहर के विभिन्न पार्कों,प्रमुख चौराहे,वार्डों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहरी क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्य, जल निकासी व्यवस्था, सड़कों की स्थिति तथा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। नगरपरिषद के चेयरमैन जिले सिंह सैनी, शहरी स्थानीय निकाय, बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी साथ रहे। इस दौरान डीसी ने शहरवासियों से भी बातचीत करते हुए शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी सुझाव लिए।
डीसी ने कहा कि जिला मुख्यालय होने के नाते शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण व्यवस्था उत्कृष्ट होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहर में लगे स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जहां कहीं लाइटें खराब हैं, वहां तुरंत बदलने का कार्य किया जाए ताकि नागरिकों को रात के समय किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। डीसी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़कों पर पड़े गड्ढों और टूटी सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए। उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों कोनिर्देश दिए कि जहां जहां सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या है,वहां तुरन्त समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वार्ड एक का दौरा करते हुए नालों की नियमित सफाई के लिए कड़े निर्देश दिए।

शहर के प्रमुख स्थलों पर किया निरीक्षण, दिए सौंदर्यीकरण के निर्देश

उपायुक्त ने सबसे पहले राव तुलाराम चौक का निरीक्षण किया और चौक के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। इसके बाद शहीदी पार्क के जीर्णोद्धार कार्य के साथ सौंदर्यीकरण, बुआ हसन मकबरों के पास स्थित तालाब पर लाइटिंग लगाने तथा भगत सिंह चौक से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने राव मंगलीराम पार्क के आगे ग्रीन बेल्ट बनाने और लाइटिंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। रामलीला मैदान,पालिका चोक के अलावा सड़को की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

नागरिकों से लिया फीडबैक, झज्जर को सुंदर शहर बनाने का संकल्प

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहर के विभिन्न इलाकों में नागरिकों से भी बातचीत की और शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए उनका फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि झज्जर ऐतिहासिक शहर है और जिला प्रशासन इसकी समस्याओं को दूर करते हुए इसे एक सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है। इस मौके पर पार्षद टेकचंद, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता सुमित कुमार के अलावा, शहरी स्थानीय निकाय विभाग से कार्यकारी अधिकारी देवेन्द्र सिंह, नगर अभियंता नरेंद्र तनेजा, जनस्वास्थ्य विभाग से एसडीओ दलबीर हुड्डा, बिजली निगम के एक्सईएन प्रदीप कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *