विशेष संवाददाता चिमन लाल
डीसी की अगुवाई में रवाना हुई तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के गीतों व फूलों की वर्षा के साथ शहर में निकली तिरंगा यात्रा
झज्जर,
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर ने आयोजित हुई तिरंगा यात्रा में ऐतिहासिक नज़ारा देखने को मिला। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अगुवाई में शहीद स्मारक से शुरू हुई विशाल तिरंगा यात्रा ने पूरे शहर को राष्ट्रप्रेम और एकता के रंग में रंग दिया। इस भव्य आयोजन में शहर के मार्ग तिरंगे के रंगों से सज उठे, और देशभक्ति के गीतों तथा “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर तिरंगा यात्रा की शुरुआत में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनकी शहादत को नमन किया गया। इसके बाद यात्रा भगत सिंह चौक पर पहुंची जहां भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। तिरंगा यात्रा के दौरान छिकारा चौक पर कैप्टन छिकारा की प्रतिमा पर सम्मानपूर्वक पुष्प अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद अंबेडकर चौक पर डॉ भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई और इसी के साथ तिरंगा यात्रा का समापन हुआ। तिरंगा यात्रा के दौरान शहर में जगह-जगह नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के गीतों पर झूमते हुए प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर डीसी कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है, जिसे हर भारतीय दिल में बसाए हुए है। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया कि वे इस एकता और देशभक्ति की भावना को जीवन के हर क्षेत्र में जीवंत रखें। तिरंगा यात्रा में युवाओं, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, पार्षदों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और ग्रामीण अंचलों से आए नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। हर हाथ में तिरंगा और हर चेहरे पर गर्व का भाव साफ झलक रहा था। स्कूली बच्चों की सजाई गई झांकियां, विभिन्न सांस्कृतिक परिधान और देश के विभिन्न राज्यों की झलक प्रस्तुत करने वाले दल यात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों की धुन पर युवा नाचते-गाते रहे, वहीं महिलाएं और बुजुर्ग तिरंगा लहराते हुए देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को याद कर रहे थे। बच्चों में उत्साह इतना था कि वे तिरंगा ऊंचा उठाकर “जय हिंद” के नारे लगा रहे थे। तिरंगा यात्रा में डीसीपी लोगेश कुमार, एडीसी जगनिवास, एसडीएम अंकित कुमार चौकसे, सीईओ जिला परिषद मनीष फोगाट, सीटीएम नमिता कुमारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।