विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
झज्जर पुलिस द्वारा दीपचंद पब्लिक स्कूल गुड्डा में स्कूल बस संचालकों के लिए सड़क सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झज्जर यातायात पुलिस प्रभारी उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने स्कूल बस चालकों को धुंध और कोहरे के मौसम में सुरक्षित वाहन चलाने तथा यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस कार्यक्रम के दौरान उप निरीक्षक वीरेंद्र कुमार ने कहा कि सर्दियों के मौसम में धुंध और कोहरा सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण बनता है। ऐसे में स्कूल बस चालकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है क्योंकि उनके वाहन में नन्हे बच्चे सवार होते हैं। उन्होंने चालकों को निर्देश दिए कि वे कोहरे में वाहन चलाते समय गति धीमी रखें, फॉग लाइट और हेडलाइट का सही प्रयोग करें तथा सामने चल रहे वाहन से उचित दूरी बनाए रखें।उन्होंने यह भी बताया कि ओवरटेक करने से बचें, अचानक ब्रेक न लगाएं और सड़क संकेतकों व यातायात चिन्हों का पूरा ध्यान रखें। बस चालकों को नियमित रूप से वाहन की ब्रेक, टायर, लाइट और इंडिकेटर की जांच करने की सलाह दी गई ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी खराबी से दुर्घटना न हो। यातायात प्रभारी ने सीट बेल्ट और स्टॉप साइन के महत्व पर भी जोर दिया तथा कहा कि स्कूल बस के नियमों का पालन करना कानूनी दायित्व के साथ-साथ नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की जान पर भारी पड़ सकती है। विद्यालय प्रबंधन ने यातायात पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम बस चालकों में जिम्मेदारी की भावना बढ़ाते हैं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सहायक होते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बस चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग का संकल्प लिया।