ठंड के मौसम के दृष्टिगत रोहतक शहर में पुरुष व महिलाओं के लिए स्थापित किए गए अलग-अलग रैन बसेरे

विशेष संवाददाता चिमन लाल

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा के साथ रैन बसेरों में सुविधाओं का लिया जायजा

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य हैं। इसलिए ठंड के समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए सोने की उचित व्यवस्था रहनी चाहिए। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नगर निगम आयुक्त डॉ आनंद कुमार शर्मा के साथ वीरवार देर रात को नगर में अलग-अलग स्थानों पर बनाए गए रेन बसेरों का निरीक्षण किया और मौके पर ही सुविधाओं बारे आवश्यक दिशा निर्देश जारी दिये। उन्होंने कहा कि ठंड व शीतलहर से आम जनमानस के बचाव के लिए प्रशासन पूरी तरह से संवेदनशील है। हर व्यक्ति के अमूल्य जीवन के दृष्टिगत सरकार द्वारा प्रशासन को निर्देश दिए गए है कि कोई भी व्यक्ति फुटपाथ, प्लेटफार्म या सडक़ पर खुले में न सोयें। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति खुले में सोया पाया जाये तो उसे तुरंत रैन बसेरों में पहुंचाया जाए और इसकी निरंतर निगरानी भी की जाए। सभी रैन बसेरों को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जा रहा हैं।

निगम द्वारा स्थापित किए गए पांच रैन बसेरे

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि नगर निगम द्वारा पुरुषों व महिलाओं के लिए पांच अलग-अलग स्थानों पर रैन बसेरे स्थापित किए गए हैं। इन रैन बसेरों में ठहरने की सुविधा पूर्णता निशुल्क है तथा भोजन, गर्म कपड़े, शौचालय, साफ-सफाई आदि की समुचित व्यवस्था की गई है। नया बस स्टैंड परिसर में पुरुषों व महिलाओं के लिए अलग-अलग रैन बसेरों का प्रावधान किया गया है। पोर्टा केबिन (पुरुष एवं महिला) के लिए पुराना बस स्टैंड नजदीक पुलिस स्टेशन, सामुदायिक केन्द्र गांधी कैम्प में भी (पुरुष एवं महिला) रैन बसेरे का संचालन किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा पुराना बस स्टैंड, कम्युनिटी सेंटर के पास बनाए गए रैन बसेरे का संचालन जन सेवा संस्थान द्वारा किया जा रहा है।

  उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में बनाए गए रैन बसेरों में लगभग 150 व्यक्तियों के ठहरने की व्यवस्था है तथा इस क्षमता को आवश्यकतानुसार बढ़ाया भी जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन रैन बसेरों में पुरुषों व महिलाओं के रात्रि ठहराव के लिए सभी सुविधाएं प्रदान की जाये व उनके लिए कंबल, गद्दे इत्यादि की पूर्ण व्यवस्था की जाये। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति किसी भी रैन बसेरे में ठहराव कर सकता है। अधिकारियों को भी निर्देश दिए जा चुके है कि रैन बसेरों में किसी को भी किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा इनकी निरंतर निगरानी की जाये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों से कहा कि हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम हो। साफ सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने रैन बसेरों की स्थापना के लिए नगर निगम की सराहना करते हुए कहा कि निगम की टीम ने सक्रिय रूप से काम करते हुए रैन बसेरों की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि अगर आमजन को शहर में कोई भी व्यक्ति खुले में ठंड में सोता हुआ दिखाई दे तो निकटतम रैन बसेरे तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद व्यक्ति को रैन बसेरों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम के सहायक सफाई निरीक्षक संदीप राठी के मोबाइल नंबर 82959-00955, नरेंद्र के मोबाइल नंबर 82959-00942 तथा प्रदीप के मोबाइल नंबर 82959-00943 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *