डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर द्वारा भव्य 100 कुंडीय हवन, नशा-मुक्त समाज का दिया गया सशक्त संदेश

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, झज्जर के तत्वावधान में 25 जनवरी 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम, दुलहेड़ा में 100 कुंडीय हवन का भव्य एवं दिव्य आयोजन किया गया। इस विशाल वैदिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुलहेड़ा गांव के सरपंच अमित देशवाल रहे, जबकि आर्य समाज प्रतिनिधि झज्जर विनीत नरूला की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया, जिसमें एक साथ 100 कुंडों में आहुतियाँ दी गईं। हवन के माध्यम से वातावरण को शुद्ध करने के साथ-साथ नशा-मुक्त भारत और संस्कारयुक्त समाज का प्रभावशाली संदेश दिया गया।
इस अवसर पर आर्य समाज प्रतिनिधि सदस्य विनीत नरूला और दूल्हेड़ा सरपंच अमित देशवाल ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्रनिर्माण में सहभागी जीवन अपनाने का आह्वान किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज वालिया ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के नैतिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, सामाजिक चेतना और जिम्मेदारी की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं आर्य युवा समाज के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *