विशेष संवाददाता चिमन लाल
पूरी क्षमता के साथ किया जाए जल निकासी का कार्य : उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जल निकासी की क्षमता को आने वाले दिनों में और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज कलानौर क्षेत्र में बरसाती जल निकासी के कार्यों का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लाखनमाजरा लिंक ड्रेन व महम ड्रेन का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया। उपायुक्त सचिन गुप्ता सर्वप्रथम रोहतक-भिवानी रोड पर लाखनमाजरा लिंक ड्रेन रोड 6100 पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर ड्रेन के जल बहाव को देखा। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ड्रेन बिल्कुल ठीक बहाव से चल रही है। आने वाले दिनों में क्षमता और भी बढ़ जाएगी। इसके उपरांत उन्होंने कॉलेज मोड पर महम ड्रेन का निरीक्षण किया, यहां भी पंपों के माध्यम से ड्रेन में पानी डालकर जल निकासी का कार्य किया जा रहा था। इस ड्रेन में भी संतोषजनक तरीके से जल बहाव किया जा रहा था।
उन्होंने गांव आंवल में कृषि भूमि से की जा रही जल निकासी के कार्य का भी निरीक्षण किया। गांव गढ़ी के समीप महम ड्रेन पर लगाए गए पंप हाउस का निरीक्षण भी उपायुक्त ने किया। उन्होंने गांव छारा के समीप केसीबी ड्रेन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि रोजाना के आधार पर पानी निकासी की क्षमता को बढ़ाया जाए और जैसे ही ड्रेन में पानी का स्तर नीचे जाता है तो जल निकासी की क्षमता सौ फीसदी कर दी जाए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि महम तथा ड्रेन नंबर 8 पर जल निकासी के लिए लगभग 20 पंप सेट लगातार जल निकासी निरंतर की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता अरुण मुंजाल, राजीव राठी आदि मौजूद थे।