डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने अधिकारियों के साथ झज्जर शहर में लिया स्वच्छता अभियान से जुड़ी गतिविधियों का जायजा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

स्वच्छता के मामले में झज्जर को अग्रणी बनाना प्रशासन की प्राथमिकता : डीसी

झज्जर,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने शनिवार की सुबह झज्जर शहर के बीकानेर चौक, अंबेडकर चौक, खेल स्टेडियम, शहीद भगत सिंह चौक, रेडक्रॉस परिसर, बिजली निगम परिसर, लघु सचिवालय परिसर सहित शहर के कई क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान-2025 के तहत युद्ध स्तर पर चल रहे स्वच्छता व साफ सफाई कार्य और पानी निकासी को दुरुस्त करने के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला के शहरों को गंदगी से मुक्त बनाने को लेकर उनके साथ मौजूद विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के आदेश अनुसार हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान- 2025 चलाया जा रहा है, जिसके तहत जिला झज्जर में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चल रहा है। डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल द्वारा प्रत्येक वार्ड में अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि झज्जर शहर को सफाई के मामले में अग्रणी बनाने का कार्य हम सब को मिलकर करना है। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर गंदगी रहती है,ऐसे स्थानों की सफाई करवाते हुए सौंदर्यीकरण करना है। किसी भी शहर की सौंदर्यता से ही उस शहर की पृष्ठभूमि का आकलन होता है। झज्जर ऐतिहासिक शहर है। उन्होंने दुकानों से प्रतिदिन निकलने वाले कचरे को सही स्थान पर डालने और वाहनों की पार्किंग सही जगह पर करने के निर्देश दिए ताकि जाम स्थिति नहीं बने। इस दौरान डीसी ने झज्जर नगर परिषद अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था नियमित रूप से दुरुस्त होनी चाहिए। कचरा प्वाइंटों पर कहीं भी गंदगी नजर नहीं आनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देश दिए कि जहां भी पानी की निकासी अवरुद्ध है, उसको दुरुस्त किया जाए।
डीसी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों में बने गड्ढों को तुरंत प्रभाव से भरा जाए। सडक़ मार्गों पर बिजली के ट्रांसफार्मर और बिजली के पोल को सही और सुरक्षित करने, बिजली की लटकती तारों ठीक करने को कहा। सरकारी , अद्र्ध सरकारी भवनों और बिना परमिशन निजी भवनों पर लगे होर्डिंग को हटाने के निर्देश दिए। महर्षि दयानंद खेल स्टेडियम में मिट्टी भराव सहित जल निकासी व्यवस्था करने को कहा। डीसी ने कहा कि सडक़ों पर जगह जगह टूटे डिवाइडर को ठीक करें। उन्होंने कहा कि ये छोटे छोटे काम तत्काल होने चाहिए, इनसे शहर की सुंदरता बढ़ती है। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त डा सुशील कुमार , बिजली निगम के एक्सईएन प्रदीप कुमार, जनस्वास्थ्य विभाग से अश्विनी सांगवान, डीआईपीआरओ सतीश कुमार, सिंचाई विभाग के एक्सईएन प्रतिभा मुदगिल, ईओ नगर परिषद देवेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *