डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

विशेष संवाददाता चिमन लाल

शहीदों का सम्मान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक : डीसी

झज्जर,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के अवसर पर मंगलवार को सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग कार्यालय परिसर स्थित युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। उनके साथ सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग के डब्लूओ सूबेदार बिजेंद्र सिंह ने भी युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों का सम्मान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक है। अमर शहीद राव तुलाराम और जिला के अनेकों वीर बलिदानियों की बदौलत ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे हैं। शहीदों की गौरव गाथाएं हमें अपनी समृद्ध विरासत की सदैव याद दिलाएंगी। उनकी कुर्बानी सदैव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगी। देश के उन शूरवीरों को कभी नहीं भुलाया जा सकता, जिन्होंने अपनी शहादत देकर देश की माटी का कर्ज अदा किया। ऐसे वीरों को सम्मान देते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलकर देश को तरक्की के रास्ते पर ले जाने का संकल्प हम सभी को लेना चाहिए। गौरतलब है कि 23 सितंबर का दिन 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक अमर शहीद राव तुलाराम की शहादत पर हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान राव तुलाराम ने अंग्रेजी हुकूमत के विरूद्ध मोर्चा संभालते हुए संघर्ष किया और आजादी की आवाज को बुलंद करने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डीसी ने कार्यक्रम के दौरान सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग की विजिटर बुक में अपना संदेश भी दर्ज किया। हरियाणा पुलिस की टुकड़ी ने भी शहीदों को सलामी दी। इस अवसर पर आईवीओ से सूबेदार सुरेंद्र सिंह यादव, सूबेदार मनोज कुमार, सूबेदार राकेश कुमार, मनवीर सिंह,भूप सिंह, दिलबाग सिंह, रोहतास, राजकिशन, सतबीर पिलानिया, सोमबीर सिंह, सतनारायण, नफे सिंह, सोमदेव, शमशेर, बिजेंद्र ठाकरान, दिलबाग सिंह, रणबीर सिंह व रामबीर आदि भी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *