राजधानी दिल्ली के नॉर्थ वेस्ट इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। पीतमपुरा के रिंग रोड पर तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मौर्य एन्क्लेव थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
तस्वीरें पीतमपुरा रिंग रोड की हैं, जहां एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह से चकनाचूर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे बाइक सवार संभल नहीं पाया और हादसे का शिकार हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
घायल बाइक सवार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं दिल्ली पुलिस की मौर्या एंक्लेव थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हादसा लापरवाही से ड्राइविंग का नतीजा था या फिर कोई और वजह सामने आएगी।
फिलहाल इस हादसे ने एक बार फिर राजधानी में तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद लोग ट्रैफिक नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं, जिसका खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है।