दिल्ली के शाहदरा जिले में दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल द्वारा शनिवार देर रात संदिग्ध हालात में कथित तौर पर खुद को गोली मारकर आत्महत्या की कोशिश करने का मामला सामने आया है।
गंभीर हालत में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरियाणा का रहने वाला यह कॉन्स्टेबल की पहचान कॉन्स्टेबल पिछले साल ही दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहदरा जिले के मानसरोवर पार्क इलाके में दिल्ली पुलिस के सिपाही ने खुद को तीन गोलियां मारकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल सिपाही का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। मूलरूप से हरियाणा के भिवानी जिले के मनहेरु गांव का रहने वाला मनदीप शादीशुदा है और बीते वर्ष ही दिल्ली पुलिस में भर्ती हुआ है।
मनदीप शनिवार रात 12 बजे से 3 बजे तक वह शाहदरा पुलिस लाइन में संतरी ड्यूटी पर तैनात था। देर रात 2:35 बजे मनदीप ने अपनी सर्विस इंसास राइफल से अपनी वर्दी की जेब के नीचे छाती में तीन गोलियां मार लीं। तीनों गोली शरीर को चीरती हुई आरपार हो गईं। गोली की आवाज सुनते ही आसपास में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी भी गेट पर आ गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था में मनदीप को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां आज सुबह डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया है।
सिपाही की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस का कहना है मनदीप किस वजह से तनाव में था उसका पता नहीं चल पाया है। ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों के बयान भी लिए जाने हैं। मनदीप के होश में आने पर ही घटना की सही वजह का पता चलेगा।
दिल्ली पुलिस रविवार सुबह इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि शाहदरा जिले में मनदीप नाम के एक पुलिस कॉन्स्टेबल ने खुद को गोली मार ली। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से कुछ चैट मिले हैं, जिसके आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अभी तक की जांच में यह बात सामने आई है कि मंजीत पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहा था।