राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मौसम बदलने वाला है। दिल्ली में सुबह-सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। वहीं, अब ठंड के बीच दिल्ली में अगले हफ्ते से बारिश भी दस्तक देने वाली है।
गुरुवार को नई दिल्ली में न्यूनतम तापमान इस सीजन के औसत से पांच डिग्री नीचे गिरकर 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दरअसल, वेस्टर्न डिस्टरबेंस के दूर जाते ही सुबह-शाम के तापमान में बदलाव आ गया है। बुधवार को न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट आई। इसकी वजह से सुबह के समय लोगों को हल्की सर्दी का अहसास हुआ।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 से 17 अक्टूबर तक दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही दिन के तामपान में थोड़ी नरमी आएगी। धूप का प्रकोप कम होने लगेगा। बारिश और बादलों की वजह से न्यूनतम तापमान थोड़ा बढ़ेगा। 15 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रह सकता है। 16 और 17 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री तक रह सकता है।
वहीं, स्काईमेट के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात और 14 अक्टूबर की सुबह एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इसके चलते निचली पहाड़ियों पर बारिश और पहाड़ियों की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। यह गतिविधियां 14 से 17 अक्टूबर के बीच होंगी। ऐसे में 18 अक्टूबर को इसका असर कम होना शुरू हो जाएगा। इसके बाद 19 और 20 अक्टूबर को अगले 48 घंटों में मौसम की स्थिति फिर से खराब हो सकती है। इन मौसमी गतिविधियों की वजह से दिन के तापमान में भी आने वाले समय में गिरावट देखने को मिलेगी।
दिल्ली में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह नौ बजे तक शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 203 था, जो मध्यम श्रेणी के अंतर्गत आता है। शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। 500 से अधिक एक्यूआई ‘अत्यंत गंभीर’ की श्रेणी में आता है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज सुबह साढ़े आठ बजे तक शहर की सापेक्षिक आर्द्रता 74 फीसदी दर्ज की गई।