दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लेकर नागरिक अस्पताल बेरी में आज आयोजित होगा उपमंडल स्तरीय कार्यक्रम

विशेष संवाददाता चिमन लाल

लाडो लक्ष्मी योजना का निशुल्क पंजीकरण के साथ कैंप में होगी स्वास्थ्य जांच

बेरी(झज्जर),

हरियाणा सरकार की ओर से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान को ध्यान में रखते और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से प्रदेशभर में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना (डीडीएलएलवाई) मोबाइल एप्लीकेशन लागू करने का निर्णय लिया गया है। यह योजना आज (25 सितंबर) से लागू हो जाएगी। एसडीएम ने बताया कि बेरी में आयोजित होने वाले उपमण्डल स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा नेता संजय कबलाना बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना और लैंगिक समानता को बढ़ावा देना है। गुरुवार 25 सितंबर को योजना के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर न केवल पात्र चिन्हित महिलाओं का निशुल्क पंजीकरण किया जाएगा, साथ ही स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित किये जाने वाले कैंपो में महिलाओं के स्वास्थ्य की निशुल्क जांच जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का लाइव संबोधन होगा।
एसडीएम रेणुका नांदल ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिमाह 2100 रूपए की वित्तीय सहायता मिलेगी, ताकि वे वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

रजिस्ट्रेशन के समय यह आवश्यक दस्तावेज जरूरी

 एसडीएम ने बताया कि ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत लाडो लक्ष्मी ऐप के माध्यम से डिजिटल रूप से नि:शुल्क आवेदन किया जा सकता है। यह ऐप एंड्रॉइड और आईफोन दोनों पर उपलब्ध है। योजना का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में वितरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए हरियाणा रिहायशी प्रमाण पत्र, एक्टिव मोबाईल नंबर जो आधार से लिंक हो, परिवार सदस्यों की अपडेट आधार आईडी, बिजली मीटर कनैक्शन नंबर, एचकेआरएन रजिस्टे्रेशन नंबर यदि रजिस्ट्रेशन किया हुआ हो, परिवार के सभी वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर तथा आवेदनकर्ता का स्वयं का बैंक खाता होना आवश्यक है। उन्होंने पात्र महिलाओं से 25 सितंबर को सुबह 11 बजे बेरी स्थित उपमण्डल नागरिक अस्पताल परिसर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पहुचकर पंजीकरण कराने का आह्वान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *