नए साल पर हुड़दंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ झज्जर पुलिस करेगी सख्ती से कार्रवाई

विशेष संवाददाता चिमन लाल

जिम्मेदार नागरिक बनकर ही हम नए साल का स्वागत सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल तरीके से कर सकते है: डॉ राजश्री सिंह

झज्जर:

आगामी नववर्ष के अवसर पर शहर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह (एडीजीपी) द्वारा हुड़दंग करने वालों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। यह निर्णय आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि नववर्ष का उत्सव सभी लोग सुरक्षित और आनंदपूर्वक मना सकें। नए साल के जश्न के दौरान अक्सर तेज रफ्तार, नशे में ड्राइविंग, सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव, सड़क पर शोर-शराबा और कानून के उल्लंघन की घटनाएं सामने आती हैं। इस तरह की गतिविधियां न केवल यातायात व्यवस्था को प्रभावित करती हैं, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं का कारण भी बन सकती हैं। शराब के नशे में वाहन चलाना स्वयं चालक के साथ-साथ अन्य राहगीरों और वाहन चालकों के जीवन के लिए भी बड़ा खतरा है।इन्हीं कारणों से पुलिस प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि नए साल की रात और उसके आसपास विशेष चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे। प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों, होटल, क्लब और ढाबों के आसपास पुलिस बल की तैनाती रहेगी। नशे में वाहन चलाने वालों, स्टंट करने वालों, सार्वजनिक शांति भंग करने वालों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम एवं अन्य संबंधित कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस कमिश्नर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, शोर-शराबे और हुड़दंग से बचें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। जिम्मेदार नागरिक बनकर ही हम नए साल का स्वागत सुरक्षित, शांतिपूर्ण और खुशहाल तरीके से कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *